Madhya Pradesh

MP News: इंदौर में 25 फरवरी से योगधारा कार्यक्रम, 21 देशों से आए 40 कलाकार

सहजयोग परिवार द्वारा इंदौर में 25 फरवरी से दो दिनी कार्यक्रम योगधारा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 21 देशों के कलाकार शामिल होंगे। 25 फरवरी को सभी देशों के कलाकार अपने देशों के झंडों के साथ हेरिटेज वॉक में शामिल होंगे। वहीं 26 फरवरी को सहजयोग संस्थापिका निर्मला देवी के जन्म शताब्दी महोत्सव के अवसर पर अभय प्रशाल में शाम 6 बजे से कार्यक्रम होगा। इसमें अमेरिका, इंग्लैड, जर्मनी सहित 21 देशों से 40 से ज्यादा कलाकार शिव, गणेश महिमा के साथ देवी की प्रस्तुति और भारतीय संगीत पर भजन और नृत्य करेंगे। इस दौरान विदेशी कलाकारों द्वारा वंदे मातरम की प्रस्तुति दी जाएगी।

25 फरवरी को कार्यक्रम में 21 देशों से आए 40 कलाकार अपने देशों के झंडों के साथ हेरिटेज वॉक करेंगे। इसकी अगुवाई भारत अपने तिरंगे के साथ करेगा। यह वाक कृष्णपुरा की छत्री से राजवाड़ा तक होगी। इस कार्यक्रम के दौरान निर्मला देवी के प्रवचन के माध्यम से सहजयोग द्वारा कुंडलिनी जागरण, आत्म साक्षात्कार और ध्यान का कार्यक्रम भी होगा। कार्यक्रम में पास के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि, यह निश्शुल्क उपलब्ध रहेगा। दरअसल, ‘योगधारा’ विश्व के 21 देशों का समूह है, जिसमें 40 से अधिक सहजयोगी कलाकार हैं, जो सहजयोग ध्यान विधि में विगत अनेक वर्षों से निपुण हैं।

सहजयोग एक ध्यान की क्रिया है जिसे माताजी निर्मला देवी द्वारा 5 मई 1970 से आरंभ किया गया। यह आज विश्व के 120 देशों में प्रचलित है, सहजयोग से कुंडलिनी जागरण एवं आत्मसाक्षात्कार की अनुभूति की जा सकती है। देश और विदेश के अनेक वैज्ञानिकों ने सहजयोग ध्यान पर शोध किया है और इस ध्यान के माध्यम से परम शान्ति व अनेक बीमारियों और विकारों से मुक्ति की पुष्टि की है।

Related Articles

Back to top button