Noida Protest : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कई कंपनियों के कर्मचारियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से चल रहे इस आंदोलन ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया, जब गुस्साए कर्मचारियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया, जिसे क्षतिग्रस्त कर पलट दिया गया.
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कंपनी परिसर और आसपास के इलाकों में इकट्ठा हुए थे. प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी से बिगड़े हालात
आक्रोशित कर्मचारियों ने कई जगहों पर वाहनों में तोड़फोड़ की और एक कार में आग लगा दी, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई. लगातार चौथे दिन जारी इस आंदोलन के कारण क्षेत्र में सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ है और यातायात भी बाधित रहा.
सुरक्षा और लिखित आश्वासन की भी मांग
बताया जा रहा है कि नोएडा फेज-2 की ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट और एसएनडी सहित करीब आधा दर्जन होजरी कंपनियों के कर्मचारी काम बंद कर सड़कों पर उतर आए हैं. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उन्हें हरियाणा की तरह बढ़ा हुआ न्यूनतम वेतन दिया जाए, ओवरटाइम का भुगतान दोगुना किया जाए और समय पर सैलरी सुनिश्चित हो.
इसके अलावा, कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न पर सख्त कार्रवाई और कंपनी प्रबंधन से लिखित आश्वासन देने की भी मांग रखी है.
ये भी पढ़ें – भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा ‘पुरस्कार नीति’ लागू, 28 सबसे वांछित अपराधियों की सूची जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









