
टीम इंडिया के स्टार 4 मैच के बाद मौका मिला और सूर्यकुमार यादव ने अपना विकेट कुर्बान कर दिया। मिचेल सैंटनर के 33वें ओवर की पहली गेंद पर केएल राहुल LBW हुए थे। 274 के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम को 182 पर चौथा झटका लगा था। भारत को जीत के लिए 107 गेंद पर 92 रन की दरकार थी। सूर्यकुमार यादव मैदान पर आ चुके थे। उनसे फिनिशर्स नॉक की उम्मीद थी।
विराट को वापस लौटने के लिए मजबूर
ट्रेंट बोल्ट के 34वें ओवर की पांचवी फुलर लेंथ गेंद को कवर्स के हाथ में खेलकर सूर्या सिंगल के लिए निकल पड़े। विराट इंतजार कर रहे थे कि गेंद मिचेल सैंटनर से मिस हो जाए और उसके बाद रन भागा जाए। विराट अपनी क्रीज से ज्यादा दूर नहीं गए थे। सैंटनर ने फुल लेंथ डाइव लगाकर गेंद को फील्ड कर लिया। ऐसा करके उन्होंने विराट को वापस लौटने के लिए मजबूर कर दिया।
सूर्यकुमार यादव 4 गेंद पर 2 रन
इस वक्त तक सूर्यकुमार यादव विराट कोहली के करीब आ चुके थे। मिचेल सैंटनर ने विकेट के बीच में खड़े ट्रेंड बोल्ट के पास गेंद को थ्रो कर दिया। सूर्यकुमार यादव के पास वापसी का मौका नहीं था। उन्होंने विराट के छोर की तरफ भागने की बजाय वापस स्ट्राइकर्स एंड पर जाने का फैसला किया। ट्रेंट बोल्ट ने विकेटकीपर को अंडर आर्म थ्रो किया और सूर्यकुमार यादव 4 गेंद पर 2 रन बनाकर रन आउट हो गए। मिचेल सैंटनर की जबरदस्त फील्डिंग इसकी सबसे बड़ी वजह रही।
प्लेइंग XI से ड्रॉप करना जायज
सूर्यकुमार यादव जानते थे कि रन चेज के दौरान विराट कोहली का मैदान पर रहना जरूरी है। इसलिए उन्होंने अपने विकेट की कुर्बानी दे दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी भी रन आउट की बड़ी वजह रही। पर इसके आधार पर सूर्यकुमार यादव को अगले मैच की प्लेइंग XI से ड्रॉप करना जायज नहीं लगता।