खेल

क्या पाकिस्तान भारत से कोलकाता के ईडन गार्डन में खेलेगा सेमीफाइनल

अभी भी पाकिस्तान भारत के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में सेमीफाइनल मैच खेल सकता है। इसके लिए उसे इंग्लैंड के खिलाफ नया इतिहास बनाना पड़ेगा। अगर पाकिस्तान 500 रन बनाता है और इंग्लैंड को 211 पर ऑलआउट कर देता है, तो सेमीफाइनल खेल सकता है। अगर पाक 450 बनाता है, तो इंग्लैंड को 162 पर निपटाना पड़ेगा।

अगर पाकिस्तान 400 रन बनाता है, तो इंग्लैंड को 112 पर पैक करना पड़ेगा। अगर पाकिस्तान सिर्फ 300 रन बनाता है, तो इंग्लैंड के 10 बल्लेबाजों को 13 रन पर पवेलियन भेजना पड़ेगा। अगर इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करता है, तो पाकिस्तान को किसी भी सूरत में 15 गेंद खेलकर टारगेट हासिल करना होगा। मुश्किल जरूर है, लेकिन नामुमकिन नहीं। आप जानते हैं कि क्रिकेट घोर अनिश्चितताओं का खेल है।

इस पूरे प्रोसेस में हसन रजा की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। हसन रजा ने ICC पर इल्जाम लगाया है कि वह भारतीय गेंदबाजों को एक्स्ट्रा लेयर वाली बॉल दे रहा है, जिससे उन्हें ज्यादा सीम और स्विंग मिल रही है। अगर वही एक्स्ट्रा लेयर वाली बॉल पाकिस्तानी गेंदबाजों को मिल जाए, तो इंग्लैंड के खिलाफ कुदरत का निजाम बदल जाएगा।

क्या आपको लगता है कि बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तानी बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ 500 रन का पहाड़ खड़ा कर सकते हैं? क्या कुदरत का निजाम पाकिस्तान पर मेहरबान होगा? क्या क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा रिकॉर्ड बन जाएगा? क्या पाकिस्तान आलोचकों को करारा जवाब दे पाएगा?

क्या पाकिस्तान वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल नहीं खेलेगा या इस बार कुदरत का निजाम बदल जाएगा? इस सवाल के जवाब के लिए आपको सबसे पहले पॉइंट्स टेबल की तरफ लिए चलते हैं। न्यूजीलैंड ने 9 मैच खेल कर 5 जीते हैं, 4 हारे हैं। 10 अंक के साथ उसका नेट रनरेट +0.743 है। फिलहाल न्यूजीलैंड पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर कायम है। उसे बेदखल करने की कूवत सिर्फ और सिर्फ पाकिस्तान में है।

पाकिस्तान ने 8 मैच खेल कर 4 जीते हैं और 4 हारे हैं। 8 अंक के साथ पाकिस्तान का नेट रनरेट +0.036 है। अभी तो पाकिस्तान पांचवें स्थान पर है, लेकिन कभी भी चौथे स्थान पर आ सकता है। अगर पाकिस्तान को न्यूजीलैंड को पछाड़ना है, तो उसे 300 रन बनाकर इंग्लैंड को 13 पर ऑलआउट करना पड़ेगा। ऐसा करते ही पाकिस्तान का नेट रन रेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो जाएगा।

पाकिस्तान ने 18 अगस्त 2016 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ 255 रन से जीत हासिल की थी। रन के मामले में इससे बड़ी जीत आज तक पाकिस्तान को नसीब नहीं हुई है। रन के मामले में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम है। टीम इंडिया ने 15 जनवरी 2023 को तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका पर 317 रन की जीत हासिल की थी। अगर पाकिस्तान टारगेट चेज करता है, तो उसे लक्ष्य 15 गेंद पर हासिल करना होगा। 19 जुलाई, 2018 को पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 9.5 ओवर में 68 का लक्ष्य हासिल किया था।

 इससे कम गेंद में पाकिस्तान आज तक नहीं जीता। अब दिक्कत यह है कि इंग्लैंड जिम्बाब्वे नहीं है। शायद इसी वजह से वसीम अकरम ने कहा है कि पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करे, स्कोर बोर्ड पर रन लगाए और फिर इंग्लैंड की पूरी टीम को कमरे में बंद कर दे। इस तरह इंग्लैंड को टाइम आउट कर पाकिस्तान भारत के खिलाफ सेमीफाइनल खेल सकता है।

Related Articles

Back to top button