
Punjab News : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अपनी मुहिम के तहत पी.आर.टी.सी. डिपो बठिंडा में तैनात कंडक्टर नरेंद्र सिंह उर्फ लाडी को 20,000 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तहसील तलवंडी साबो, जिला बठिंडा के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता पीआरटीसी डिपो बठिंडा में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है और वह अपना बस रूट बदलवाना चाहता था।
बस रूट बदलने के बदले मांगी थी रिश्वत
इस संबंध में आरोपी केवल कृष्ण, फिटर इंचार्ज बस स्टैंड गोनियाना और कंडक्टर नरेंद्र सिंह उर्फ लाडी ने बस रूट बदलने के बदले शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर किया अरेस्ट
शिकायतकर्ता के अनुसार वह किसी भी प्रकार की रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके चलते उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा से संपर्क किया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी कंडक्टर को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत मांग रहा था।
इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सह-आरोपी फिटर केवल कृष्ण को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें – यूपी कैबिनेट ने शिक्षामित्रों-अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया, बस अड्डे और युवा योजनाओं को भी मंजूरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









