Punjab

विजिलेंस ब्यूरो ने ASI को 8,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

Punjab Vigilance : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान पुलिस डिवीजन नंबर 2, कमिश्नरेट जालंधर में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) गोपाल सिंह को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी

विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांधी कैंप, जालंधर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ज्योतिष का काम करता है और थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने उसके पड़ोसी विजय राज उर्फ पाली को नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार किया था।

इसके बाद शिकायतकर्ता विजय राज उर्फ पाली की बहन और इलाके के प्रधान के साथ थाना डिवीजन नंबर 2 गया, जहां उन्हें पता चला कि विजय राज उर्फ पाली के खिलाफ नशीले पदार्थों का केस दर्ज किया गया है।

50,000 रुपये रिश्वत की मांग

उन्होंने आगे बताया कि दो दिन बाद आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता को फोन किया और चेतावनी दी कि अगर वह पुलिस स्टेशन आकर उससे नहीं मिला तो उसका नाम भी उक्त मामले में शामिल कर दिया जाएगा। इसके बाद जब शिकायतकर्ता का छोटा भाई बलवंत और इलाके के प्रधान अमित कुमार उर्फ लवली भगत थाना डिवीजन नंबर 2 में आरोपी एएसआई से मिले, तो आरोपी ने शिकायतकर्ता को मामले में न फंसाने के बदले 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

रिश्वत की मांग वाली बातचीत रिकॉर्ड

शिकायतकर्ता के छोटे भाई बलवंत और अमित कुमार उर्फ लवली भगत की विनती पर आरोपी ने रिश्वत की रकम घटाकर 20,000 रुपये कर दी। मजबूरी में उन्होंने मौके पर ही आरोपी को 10,000 रुपये दे दिए।

हालांकि आरोपी बाकी 10,000 रुपये रिश्वत की मांग पर अड़ा रहा। जब उन्होंने बाकी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी बाद में 8,000 रुपये लेने के लिए राजी हो गया। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत रिकॉर्ड कर ली।

विजिलेंस ब्यूरो ने बिछाया जाल

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी एएसआई को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर में मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price : भारत में पट्रोल-डीजल दाम पर बड़ा अपडेट, 2022 के बाद उच्चतम स्तर पर कच्चा तेल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button