
Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में पिछले चार सालों की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास किया है. उनके नेतृत्व में राज्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, जैसे जी-20 सम्मेलन, ग्लोबल इन्वेस्टर समिट और राष्ट्रीय खेलों, को सफलतापूर्वक आयोजित किया. इस दौरान सीएम ने राज्य में की गई योजनाओं और उपलब्धियों का विवरण देते हुए विपक्ष पर भी टिप्पणी की.
धामी ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में कुल 3.76 लाख करोड़ रुपये के समझौते हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट धरातल पर लागू हो चुके हैं. उनके शासनकाल में 20,000 से अधिक नए उद्योग स्थापित किए गए और लखपति दीदी योजना के तहत 2.65 लाख महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम हुईं, उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय राज्य में भ्रष्टाचार और घोटाले आम थे, जैसे पटवारी और दारोगा भर्ती घोटाला, एनएच और राहत सामग्री के घोटाले. हालांकि अब राज्य में जीरो टॉलरेंस नीति लागू है, और छोटे-बड़े किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
नकल माफिया पर कड़ी कार्रवाई की
सीएम ने यह भी बताया कि नकल माफिया पर कड़ी कार्रवाई की गई और 100 से ज्यादा लोगों को जेल भेजा गया. पिछले चार सालों में 30,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली, जो पिछली सरकार के मुकाबले चार गुना अधिक है. स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1,700, हेलीपोर्ट दो से 12 और हेलीपैड 60 से 112 हो गए हैं. राज्य में बिजली उत्पादन भी तीन गुना बढ़ गया.
शीतकालीन पर्यटन से नई संभावनाएं
धामी ने पर्यटन क्षेत्र में भी प्रगति बताई-होटलों में 25% और होमस्टे में 5% से अधिक वृद्धि दर्ज की गई. शीतकालीन पर्यटन ने नई संभावनाओं के द्वार खोले और राष्ट्रीय खेलों में राज्य ने 100 से अधिक पदक जीतकर सातवां स्थान प्राप्त किया. प्रति व्यक्ति आय में 41% वृद्धि हुई, राज्य का बजट एक लाख करोड़ के पार गया और जीएसटी संग्रह में 7.23% की वृद्धि हुई. आर्थिक गतिविधियाँ तेजी से बढ़ीं और कई सूने गांव में लोग वापस आकर बस गए.
सीएम ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से सामाजिक न्याय मजबूत हुआ है और सभी उपलब्धियों के लिए केंद्र सरकार का भी धन्यवाद किया.
ये भी पढ़ें – बीजेपी की आपत्ति के बाद AIMIM पार्षद ने हटाई ओवैसी के साथ हिस्ट्रीशीटर की तस्वीर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









