कांग्रेस ने अपने समय में क्यों नहीं दिया कर्पूरी को भारत रत्न- उमेश कुशवाहा

Umesh to RJD & Congress
Umesh to RJD & Congress: पटना में बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी को पहले इस बात का जवाब देना चाहिए कि उन्होंने अपने शासनकाल में सामाजिक न्याय के पुरोधा जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न क्यों नहीं दिया था? राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव तत्कालीन यूपीए सरकार में कद्दावर मंत्री की भूमिका निभा रहे थे, तब लालू प्रसाद यादव की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिलाने के लिए क्या पहल की गई थी?
कांग्रेस और आरजेडी सिर्फ अपने परिवार के हितैषी
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के प्रति अगर कांग्रेस पार्टी की मंशा साफ होती तो उन्हें बहुत पहले ही भारत रत्न मिल चुका होता। कांग्रेस पार्टी कभी भी अपने परिवार से आगे कुछ सोचती ही नहीं है। कांग्रेस और राजद का सामाजिक न्याय उनके परिवार के इर्दगिर्द ही सिमट कर रह जाता है। सत्ता में रहते हुए दोनों दलों ने गैरकानूनी तरीके से अकूत संपत्ति बनाई है। राहुल गांधी द्वारा जातीय गणना पर श्रेय लेने की कोशिश उनकी दूषित और ओछी मानसिकता को दर्शाता है।
राहुल की दिलचस्पी केवल भाषणबाजी में
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास से जातीय गणना राष्ट्रीय मुद्दा बना और उनकी प्रतिबद्धता के कारण बिहार में जातीय गणना का कठिन काम समय में संपन्न भी हुआ। कांग्रेस पार्टी अगर वाकई में जातीय गणना को लेकर इतनी गंभीर है तो लंबे समय तक केंद्र की सरकार में रहने के बावजूद भी उन्होंने देशभर में जातीय गणना क्यों नहीं करवाई? असल में उनकी दिलचस्पी केवल भाषणबाजी में है। उन्हें न तो जातीय गणना के विषय में कोई जानकारी है और न ही उन्हें सामाजिक न्याय की बुनियादी समझ है।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
यह भी पढ़ें: आपदाओं से निपटने में सक्षम बन रहा बिहार, होगा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।”