UP News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन और बवाल के बाद पुलिस ने पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी है. मंगलवार सुबह से ही जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात है. हर इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई गड़बड़ी न हो.
मजदूर घरों से बाहर तो निकल रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें एक जगह इकट्ठा नहीं होने दे रही. जो लोग प्रदर्शन के लिए निकल रहे हैं, उन्हें रास्ते में ही रोककर वापस भेजा जा रहा है. कई कंपनियों के बाहर भी पुलिस की टीमें तैनात कर दी गई हैं.
बवाल के बाद पुलिस का सख्त एक्शन
बीते सोमवार को हुए बवाल के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 7 FIR दर्ज की हैं. साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है. जानकारी के मुताबिक, नोएडा में 80 से ज्यादा जगहों पर प्रदर्शन हुआ था और 4-5 जगहों पर आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं.
इस बीच, बवाल का CCTV वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ उपद्रवी फैक्ट्री के बंद गेट को तोड़कर अंदर घुसते हैं. उनके हाथों में लाठी-डंडे दिखाई दे रहे हैं. फैक्ट्री में घुसने के बाद उन्होंने सबसे पहले वहां लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया.
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर फेंके पत्थर
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-63 थाने पर भी पथराव किया गया था. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने थाने पर पत्थर फेंके. सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में करते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया.
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी हुई है.
ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार को मिली बड़ी सफलता, पराली जलाने की घटनाओं में 94 प्रतिशत कमी पर मिला राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









