Biharराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

नीतीश का विवादित बयान: ललन बोले, गलती महसूस हुई तो मांगी माफी

Lalan Singh: पटना जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ‘‘ललन’’ सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा, बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रजनन दर के विषय में अपनी बात कह रहे थे और बिहार सरकार की उपलब्धियां को गिनवा रहे थे। इस दरमियान कुछ ऐसे शब्दों का प्रयोग हुआ, जो आमतौर पर नहीं होना चाहिए था। लेकिन मुख्यमंत्री को अपनी गलतियों का एहसास हुआ और उन्होंने 24 घंटे के भीतर मीडिया में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

Lalan Singh: ‘बंद होना चाहिए इस विषय पर हो-हल्ला’

उन्होंने कहा, इसके बाद इस विषय पर हो हल्ला बंद हो जाना चाहिए था। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर भी पलटवार करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के लिए ‘‘बेटी बचाओ बेटी पटाओ’’ और ‘‘50 करोड़ की गर्लफ्रैंड’’ जैसी निम्नस्तरीय वाक्यों का प्रयोग किया था। क्या इसके लिए कभी उन्होंने माफी मांगी? राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को महिला सम्मान के विषय में ज्ञान देने का कोई अधिकार नहीं है।

Lalan Singh: ‘मोदी बताएं साढ़े नौ वर्षों में किसका विकास किया’

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और सबल बनाने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नीतीश कुमार ने जो काम किया है, वह सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में एक उदाहरण है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सामाजिक न्याय के साथ विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी वर्गों के साथ न्याय किया है। आर्थिक रूप से पिछड़े 94 लाख परिवारों को मुख्यमंत्री ने 2 लाख देने की घोषणा की है। वह बोले, अतिपिछड़ा-पिछड़ा एवं अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों के लिए भी आरक्षण बढ़ाने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ और सबके विकास का नारा दिया था। लेकिन प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि उन्होंने साढ़े नौ वर्षों में किसका विकास किया।

रिपोर्टः सुजीत कुमार, ब्यूरोचीफ, बिहार

ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार के दिमाग में कमजोरी-जीतनराम मांझी

Related Articles

Back to top button