“हमें क्या पता था कि ऐसा कुछ होगा, 20 लोग एक शख्स के ऊपर गिर गए…” महिला ने बताया आंखों देखा हाल

Stampede in Mahakumbh : "हमें क्या पता था कि ऐसा कुछ होगा, 20 लोग एक शख्स के ऊपर गिर गए..." महिला ने बताया आंखों देखा हाल
Stampede in Mahakumbh : प्रयागराज महाकुंभ 2025 में मौनी अमावस्या के दिन अमृत स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में भगदड़ मच गई। बुधवार (29 जनवरी) तड़के हुए इस हादसे में कई श्रद्धालुओं ने अपने प्रियजनों को खो दिया। हादसे की एक चश्मदीद महिला ने रोते हुए घटना का आंखों देखा हाल बताया। वह अपने परिवार के साथ मेघालय से महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान के लिए आई थीं। महिला बिलखते हुए कह रही थी, “हमें क्या पता था कि ऐसा कुछ होगा। 20 लोग एक शख्स के ऊपर गिर गए। वह शख्स डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर का मरीज था। तीन घंटे बाद पुलिस पहुंची।”
महिला का कहना था कि हादसे के दौरान बहुत लोग दब गए और वह काफी घबराई हुई थीं। उसकी आवाज में दर्द था, और वह घटना के बारे में बताते हुए बार-बार रो रही थी।
मध्य प्रदेश से आए जयप्रकाश ने बताया आंखों देखा हाल
मध्य प्रदेश के छतरपुर से आए जयप्रकाश स्वामी की मां भी इस भगदड़ में दब गई थीं, जिन्हें उन्होंने बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। उन्होंने कहा, ‘रात को 1 से सवा एक बजे के बीच भीड़ उमड़ी और लोग एक-दूसरे पर चढ़ने लगे। उसी में हम सब लोग दब गए। हमने और लोगों को तो निकाल लिया, लेकिन मां को नहीं निकाल पाए। फिर जब उनकी निकाला तो उनकी सांसें चल रही थीं। आधे-पौने घंटे बाद पुलिस और एंबुलेंस आई। वहां पर न तो कोई पुलिस थी कि लोगों को अलग कर सके।
बुजुर्ग महिला ने सुनाई आपबीती
बेगूसराय से आई बुजुर्ग महिला बदामा देवी ने कहा, ‘बेटवा ई जनम में तो ऐसा मौका नाहीं मिली। यही खातिर हम इतनी दूर से गंगा माई में स्नान करय खातिर आई रहे। हमका का पता कि इहां इतना बड़ी अनहोनी होई जाई। लगत है गंगा माई की इहै मंजूर रहन।’
झारखंड के पलामू से आए राम सुमिरन ने बताया कि 144 साल बाद इस पुण्य स्नान का अवसर आया था, जिसे कोई भी गंवाना नहीं चाहता था। यही वजह थी कि श्रद्धालु संगम के किनारे खुले आसमान के नीचे डेरा डालकर बैठे थे। लेकिन अचानक अवरोधक तोड़कर आए जनसैलाब के कारण कई लोग दब गए। उन्होंने घटनास्थल पर फैले जूते-चप्पल और कपड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि यह खुद घटना की भयावहता को बयान करते हैं। घटना में कई महिलाएं और अन्य लोग घायल हुए, जिन्हें सुरक्षाकर्मियों ने एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
यह घटना प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण खामियों को उजागर करती है, जिसके चलते लाखों श्रद्धालु अपनों को खोने या घायल होने से बच नहीं पाए।
यह भी पढ़ें : महाकुंभ में भगदड़ के बाद मायावती, केजरीवाल, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप