IPL 2023: पंजाब के किंग्स ने दिल्ली का दिल तोड़ा

पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 31 रन से हराकर IPL प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखी है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 167 रन बनाए।
जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन ही बना सकी। दिल्ली के बल्लेबाजों ने इस मैच में शर्मनाक प्रदर्शन किया। दिल्ली ने पावरप्ले में बगैर विकेट खोए 65 रन बना लिए थे। यहां से टीम कोलैप्स कर गई। दिल्ली के लिए सिर्फ डेविड वॉर्नर ही टिक सके। उन्होंने 27 गेंद पर 200 की स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाए। वॉर्नर ने 10 चौके लगाए। उनके बल्ले से 1 छक्का भी निकला, लेकिन वह टीम को अकेले जीत नहीं दिला पाए।
पंजाब का अंक तालिका में छलांग
दिल्ली कैपिटल्स के 12 मैचों में 8 अंक हैं। वह अगर अपने बाकी बचे दोनों मैचों को जीत भी लेती है तो उसके 12 अंक ही होंगे। ऐसे में वह अगले दौर में नहीं पहुंच पाएगी। दूसरी ओर, पंजाब ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में छलांग लगाई है। PBKS के 12 मैच में 6 जीत के साथ 12 अंक हो गए और टीम छठे स्थान पर पहुंच गई है। अगले 2 मैच जीतकर पंजाब 16 अंकों तक भी पहुंच सकती है।
ईशांत शर्मा की रफ्तार का कमाल
दिल्ली कैपिटल्स को पहली सफलता ईशांत शर्मा ने दिलाई। उन्होंने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर शिखर धवन को आउट कर दिया। धवन पांच गेंद पर 7 रन बनाकर फुल लेंथ गेंद पर स्क्वायर लेग पर तैनात रिले रूसो को कैच थमा बैठे। पंजाब किंग्स को दूसरा झटका भी ईशांत शर्मा ने ही दिया। उन्होंने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन को कलीन बोल्ड कर दिया। ऑफ स्टंप की गेंद पर अक्रॉस द लाइन बल्ला घुमाने का नतीजा लिविंगस्टोन को चुकाना पड़ा, पंजाब में कुल मिलाकर 20 ओवर की समाप्ति के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए।
प्रभसिमरन की शानदार बल्लेबाजी
उसकी तरफ से सबसे ज्यादा रन प्रभसिमरन सिंह के हिस्से आए। प्रभसिमरन ने 65 गेंद पर 10 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 103 रन ठोके। बाकी पूरी टीम ने बची हुई 55 गेंदों पर सिर्फ 51 रन बनाए। 13 रन एक्स्ट्रा के तौर पर आए। प्रभसिमरन शानदार शतक जड़ने के बाद मुकेश कुमार के 19वें ओवर की दूसरी फुलटॉस पर स्कूप खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। प्रभसिमरन वन मैन आर्मी की तरफ पंजाब की तरफ से अकेले लड़ते रहे।
दिल्ली कैपिटल्स का पावरप्ले
दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार शुरुआत करते हुए पावरप्ले में एक भी विकेट नहीं गंवाया। उसने 6 ओवर में 65 रन बना लिए। इस दौरान कप्तान डेविड वॉर्नर 21 गेंद पर 48 और फिलिप साल्ट 15 गेंद पर 17 रन बनाकर नाबाद थे। यहां से दिल्ली को जीत के लिए 84 गेंद पर 103 रनों की दरकार थी और उसके तमाम विकेट सुरक्षित थे। इसी बीच पंजाब किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल में उनका 60वां और पंजाब किंग्स के खिलाफ 13वां अर्धशतक रहा। वॉर्नर के अर्धशतक लगाने से पहले फिलिप साल्ट आउट हो गए।
आईपीएल का सबसे बड़ा कोलैप्स
यहां से दिल्ली की पूरी पारी भरभरा कर ढह गई। वॉर्नर को हरप्रीत बराड़ ने नवें ओवर की पहली मिडिल स्टंप पर डाली गई टॉस्ड अप गेंद के जरिए LBW कर दिया। यह बराड़ की तीसरी सफलता थी। वॉर्नर ने 27 गेंद पर 54 रन बनाए। उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का लगाया। वॉर्नर के बाद अक्षर पटेल भी पवेलियन लौट गए। स्कोर 6.1 ओवर में 69/0 से 10.1 ओवर में 88 पर 6 आउट हो गया। यह 24 गेंद के भीतर इस सीजन आईपीएल का सबसे बड़ा कोलैप्स था।
एलिस ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रवीण दुबे को क्लीन बोल्ड कर दिया। दुबे ने 20 गेंद पर 16 रन बनाए। दिल्ली की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन ही बना पाई और 31 रन से मैच हार गई।
दिल्ली भी IPL से बाहर
कोलकाता और हैदराबाद के बाद अब दिल्ली भी IPL से बाहर हो गई। पंजाब के स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते दिल्ली के बल्लेबाजों को पिच पर ढेर कर दिया। स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट, तो वहीं राहुल चाहर ने 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। ऋषभ पंत की कमी इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स की टीम को बहुत बुरी तरह खली।