Kanpur News : उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार का कहर देखने को मिला जहां तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी लेम्बोर्गिनी कार से 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी. इसके अलावा कार सवार ने एक बाइक सवार को भी टक्कर मारी जिससे वो हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा. इसके बाद लेम्बोर्गिनी बाइक के ऊपर ही चढ़ गई. वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया. हालांकि गुस्साई भीड़ को देखकर कारोबारी का बेटा कार के अंदर ही बैठा रहा लेकिन उसके बाउंसरों ने लोगों के साथ हंगामा किया और धक्का देकर लोगों को हटाने की कोशिश की.
यह घटना कानपुर के पॉश इलाके, ग्वालटोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेव थ्री के पास हुई. सड़क पर लेम्बोर्गिनी कार से उत्पात मचाने वाले युवक की पहचान शिवम मिश्रा के रूप में हुई है. वह एक बड़े कारोबारी के बेटे हैं. उसके पिता के.के. मिश्रा तंबाकू कारोबार से जुड़े नामी व्यापारी हैं, जिनका कारोबार कानपुर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ है.
कानपुर में तेज रफ्तार कार हादसा
बता दें कि शिवम मिश्रा रविवार दोपहर करीब 3.15 बजे VIP रोड पर अपनी लेम्बोर्गिनी कार से तेज रफ्तार जा रहा था. रेव-3 के पास कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों समेत 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी. इस दौरान वो नशे में धुत बताया जा रहा था.
कार टकराने और बाउंसरों की बहस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुलेट को टक्कर मारने के बाद शिवम भागने लगा, लेकिन उसकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई. पीछे चल रहे बाउंसरों ने लोगों से अभद्रता की, जिससे तनाव बढ़ गया. सूचना पर पहुंची पुलिस कार को थाने ले गई और शिवम व घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया. बाद में लोगों ने थाने में हंगामा कर सख्त कार्रवाई की मांग की.
शिवम मिश्रा का लग्जरी शौक
शिवम मिश्रा लग्जरी कारों का शौकीन है और उसके पास कई महंगी गाड़ियां हैं, ज्यादातर दिल्ली नंबर की. उनके पिता केके मिश्रा की कंपनी ‘बंशीधर एक्सपोर्ट्स’ तंबाकू का कारोबार करती है. दो साल पहले आयकर विभाग ने दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापा मारा था और 100 करोड़ से ज्यादा कीमत की कारें जब्त की थीं.
कानपुर हादसे के मामले में पुलिस मीडिया को जानकारी सीमित रख रही है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेगी.
ये भी पढ़ें- Delhi E-Bus City : दिल्ली बनी इको-फ्रेंडली E-बस सिटी, 500 नई इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









