2023 पुरुष हॉकी विश्व कप का शेड्यूल जारी, भारत स्पेन के खिलाफ शुरू करेगा अभियान

2023 पुरुष हॉकी विश्व कप
Share

आगामी 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप 13 जनवरी 2023 को अर्जेंटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच उद्घाटन मैच में शुरू होगा। अंतरराष्ट्रीय हॉकी के इन दो पावरहाउस टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला 13 जनवरी 2023 को भुवनेश्वर के प्रतिष्ठित कलिंग स्टेडियम में होगा जिसने 2018 में आखिरी बार पुरुष विश्व कप फाइनल की मेजबानी की थी। भारत अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत स्पेन के खिलाफ 13 जनवरी को राउरकेला में करेगा।

भुवनेश्वर में दिन का दूसरा मैच दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस के बीच होगा। मेजबान और टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत वर्तमान में एफआईएच रैंकिंग में विश्व नंबर 5 पर है और इस बार उसेपूल डी में इंग्लैंड (6 वी रैंक), स्पेन (8 वी रैंक) और विश्व कप में पदार्पण करने वाले वेल्स (16 वी रैंक) के साथ रखा गया है।

भारत अपना दूसरा मैच 15 जनवरी को इंग्लैंड के खिलाफ राउरकेला में खेलेगा, जिसके बाद वह राजधानी भुवनेश्वर में जाएगा, जहां उनका सामना 19 जनवरी को अपने अंतिम ग्रुप मैच में वेल्स से होगा।

कुल 44 मैच खेले जाएंगे, जिसका फाइनल 29 जनवरी को भुवनेश्वर में होना है। 8 सितंबर को हुए ड्रा में भारत पूल डी में इंग्लैंड, वेल्स और स्पेन के साथ ड्रॉ हुआ था। इस विश्व कप में चिली और वेल्स वैश्विक मंच पर पदार्पण करेंगे।

2023 पुरुष हॉकी विश्व कप में चार पूल हैं : –

पूल ए: ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका

पूल बी: बेल्जियम, जर्मनी, कोरिया, जापान

पूल सी: नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, मलेशिया, चिली

पूल डी: भारत, इंग्लैंड, स्पेन, वेल्स

प्रत्येक पूल से शीर्ष टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी जबकि दूसरी और तीसरी रैंकिंग की टीमें अंतिम आठ में जगह बनाने के लिए एक दूसरे से भिड़ेंगी।