राष्ट्रीय

चीनी-प्याज से जेब पर बढ़ा बोझ, महंगाई और मिलावट ने बिगाड़ा आम आदमी का किचन बजट

Onion Price : आम आदमी के घर का बजट इन दिनों दो तरफ से दबाव में है. एक ओर रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर चिंता बनी हुई है. प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों ने सबसे ज्यादा परेशानी बढ़ाई है. वहीं दाल, खाद्य तेल, अंडे और दूसरी जरूरी चीजें भी जेब पर असर डाल रही हैं.

प्याज की कीमतों में हाल के दिनों में तेज उछाल आया है. 24 अगस्त तक इसकी अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत करीब 43.53 रुपये प्रति किलो पहुंच गई थी. यह पिछले साल की तुलना में करीब 59 फीसदी ज्यादा है. कई शहरों में प्याज 60 से 70 रुपये किलो तक बिक रहा है.

कीमतों को काबू में करने के लिए सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारना शुरू किया है. दिल्ली समेत कुछ जगहों पर सस्ते दाम पर प्याज बेचने की कोशिश भी की जा रही है. सरकार के पास करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक बताया गया है.

चीनी की कीमत भी बढ़ी

चीनी ने भी घर का खर्च बढ़ा दिया है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 20 जुलाई से 20 अगस्त के बीच चीनी की कीमत 48.18 रुपये से बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलो हो गई. यानी करीब एक महीने में 7.52 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ. कुछ हालिया बाजार रिपोर्टों में खुदरा कीमत 65 रुपये किलो तक पहुंचने की बात कही गई है.

दाल, तेल और अंडे भी महंगे

रसोई का खर्च सिर्फ प्याज और चीनी तक सीमित नहीं है. दाल, चावल, खाद्य तेल और अंडों की कीमतों में भी दबाव है. उपभोक्ता मामले विभाग की निगरानी वाली करीब एक-तिहाई वस्तुओं के दाम पिछले एक साल में 6 फीसदी से ज्यादा बढ़े हैं.

महंगाई के बीच खाद्य सुरक्षा को लेकर भी कार्रवाई तेज है. FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स और LG ब्रांड के कुछ कंपाउंडेड हींग उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई है. दमन की SDP Industries के घी उत्पादों पर भी तत्काल रोक लगाई गई. जांच में बीटा-सिटोस्टेरॉल और फैटी एसिड संरचना में गड़बड़ी पाई गई.

होटल-रेस्टोरेंट पर भी शिकंजा

वहीं, महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कई होटल और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की. पुणे में बाबा की रसोई, एमब्रोसियोस, श्रीनाथ फूड कॉर्नर और सैफायर फूड्स के KFC स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड किए गए. जांच में कहीं बासी खाना और खराब सफाई मिली, तो कहीं कॉकरोच और स्टोरेज से जुड़ी कमियां सामने आईं. इससे पहले कुछ Domino’s और Pizza Hut आउटलेट्स पर भी हाइजीन संबंधी खामियों के चलते कार्रवाई हो चुकी है.

ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button