EV Charging Station : मध्य पूर्व में जारी तनाव और ईरान, इजरायल व अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव का असर अब ऊर्जा आपूर्ति पर भी दिखने लगा है. खाड़ी देशों से पेट्रोलियम उत्पादों और गैस की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के चलते देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है. हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन यदि हालात नहीं सुधरे तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है.
ऐसे माहौल में कोटपूतली-बहरोड़ जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की ओर लोगों का झुकाव तेजी से बढ़ रहा है. खासतौर पर परिवहन क्षेत्र में ई-रिक्शा का उपयोग काफी बढ़ा है, जो बैटरी से संचालित होते हैं और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता को कम करते हैं.
ईवी उपयोगकर्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत
जिले में ईवी उपयोगकर्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार किया जा रहा है. वर्तमान में शहरी क्षेत्र में करीब 6 चार्जिंग स्टेशन संचालित हैं और जल्द ही दो नए स्टेशन शुरू करने की तैयारी चल रही है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी.
राज्य में 591 नए स्टेशन की तैयारी
जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे (NH-48) पर कोटपूतली क्षेत्र में फिलहाल सीमित स्थानों पर ही चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन इसे बढ़ाने के लिए काम जारी है. एक इलेक्ट्रिक कार को पूरी तरह चार्ज होने में लगभग 45 से 50 मिनट का समय लगता है.
राज्य सरकार की योजना के तहत आने वाले समय में जिले में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं केंद्र सरकार ने भी अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में सैकड़ों चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता दी है. इस योजना के तहत राजस्थान में 591 नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे.
निजी होटलों और उद्योगों में चार्जिंग सुविधा
जिले में गोरधनपुरा, आंतेला और बहरोड़ के आसपास निजी होटलों के माध्यम से भी चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके अलावा कुछ बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं. पिछले दो वर्षों में कोटपूतली क्षेत्र में 900 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण हुआ है, जो इस बात का संकेत है कि लोग तेजी से वैकल्पिक ऊर्जा की ओर बढ़ रहे हैं.
जिला परिवहन अधिकारी सुनील कुमार सैनी के अनुसार, ई-वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है ताकि लोग बिना किसी परेशानी के लंबी दूरी की यात्रा कर सकें.
ये भी पढ़ें – ईरान पर अमेरिका के हवाई हमले, खर्ग और काशान में टारगेट किए गए करीब 50 ठिकाने
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









