Punjab Vigilance Bureau : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान माइनिंग विभाग, नाभा (जिला पटियाला) में तैनात सब-डिवीजनल ऑफिसर (एस.डी.ओ.) हरदीप सिंह को 50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है.
यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को जिला पटियाला के गांव अलीपुर आरियां के रहने वाले एक ठेकेदार द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी एस.डी.ओ. हरदीप सिंह उसके ओवरलोड टिप्पर वाहनों के चालान काटने की धमकी दे रहा था और कोई कार्रवाई न करने के बदले 50,000 की रिश्वत की मांग कर रहा था.
50,000 रुपये की रिश्वत लेते एसडीओ गिरफ्तार
किसी भी प्रकार की रिश्वत देने से इनकार करने वाले शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया. उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी एस.डी.ओ. हरदीप सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- भाजपा चाहे जितनी भी रेड कर ले, हमारे पास भ्रष्टाचार का एक भी रुपया नहीं मिलेगा- सीएम मान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









