Shivraj Patil Passes Away : पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व राज्यपाल शिवराज पाटिल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शिवराज पाटिल ने लगन और समर्पण के साथ देश की सेवा की तथा सार्वजनिक सेवा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
स्पीकर संधवां ने कहा कि पंजाब के पूर्व राज्यपाल के निधन की खबर सुनकर उन्हें बेहद दुख हुआ है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को इस कठिन घड़ी में अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे।
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर और लोकसभा के स्पीकर के रूप में कार्य किया। उनकी भावनाएं हमेशा समाजिक कल्याण में योगदान देने की रही। पिछले कुछ सालों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई। पिछली मुलाकात तब हुई थी, जब वे हाल ही में कुछ महीने पहले मेरे आवास पर आए थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
देश में कई बड़े पद संभाले
उन्होंने राजनीतिक करियर में लातूर सीट से 7 बार जीत हासिल की और देश में कई बड़े पद संभाले। शिवराज पाटिल के निधन पर PM मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत तमाम बड़े नेताओं ने शोक जताया है। पूरे महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजनीति में शोक है।
कई केंद्रीय मंत्री पदों पर किया काम
शिवराज पाटिल का राजनीतिक सफर 1967 में शुरू हुआ। वह लोकसभा के स्पीकर भी रहे। जब मुंबई में आतंकी हमला हुआ, तब देश के गृह मंत्री शिवराज पाटिल ही थे। मुंबई अटैक के बाद उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था। शिवराज पाटिल को भारतीय राजनीति में एक शांत, संयत और मेहनती नेता के तौर पर जाना जाता था। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।
ये भी पढ़ें- अमृतसर में 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सभी स्कूल बंद, सर्च ऑपरेशन जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









