UP Politics : उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के यूथ विंग के नए ड्रेस कोड और बहुजन समाज पार्टी में हुए बदलाव को लेकर प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ड्रेस का रंग बदलने से दलितों की नाराजगी दूर नहीं होगी.
ओम प्रकाश राजभर ने सपा के यूथ विंग के नए ड्रेस कोड को लेकर कहा कि अपनी टोपी भी बदलकर नीली कर लें, लेकिन दलित भूला नहीं है, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया गया, महापुरुषों के नाम से बनी योजनाएं खत्म की गईं और कांशीराम के नाम पर रखे गए जिले का नाम भी बदल दिया गया. राजभर ने कहा कि दलित इन बातों को भूला नहीं है, उन्होंने कहा कि कपड़ों का रंग लाल-काला कर लेने से भी कोई असर नहीं पड़ने वाला. अखिलेश यादव की ओर से सोशल मीडिया पर चेतावनी दिए जाने के सवाल पर राजभर ने कहा, “अगर वो शेर हैं तो हम सवा शेर हैं.”
बसपा में बदलाव पर बोले- मायावती का विषय
बसपा में आकाश आनंद को हटाकर ईशान आनंद को जिम्मेदारी दिए जाने के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यह मायावती का विषय है, उन्होंने कहा कि मायावती जिसे चाहें रखें और जिसे चाहें हटा दें.
वहीं, सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के सवाल पर राजभर ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, उन्होंने कहा कि सहारनपुर में कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई है और इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं है.
आपको बता दें कि इस मामले को लेकर इससे पहले विपक्षी दलों ने योगी सरकार और सहारनपुर प्रशासन को घेरा है. सपा और कांग्रेस के कई नेताओं को नजरबंद किया गया था, जबकि सहारनपुर जाते समय कुछ नेताओं को हिरासत में भी लिया गया था.
AI वीडियो की चेतावनी पर भी पलटवार
अखिलेश यादव की ओर से AI वीडियो पोस्ट करने की चेतावनी पर भी राजभर ने कहा, “अगर वो शेर हैं तो हम सवा शेर हैं.” पिछले कुछ दिनों से सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर AI से तैयार सामग्री पोस्ट की जा रही है. इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी भी जारी है.
ओम प्रकाश राजभर लगातार सोशल मीडिया पर सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ मुखर नजर आ रहे हैं. वह रोजाना सुबह सोशल मीडिया पर कोई न कोई टिप्पणी करते हैं, जिस पर सपा की ओर से भी प्रतिक्रिया आती है. कई बार दोनों पक्षों के बीच मामला काफी गर्म भी हो जाता है.
ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









