Oil Crisis : पाकिस्तान में रूस के राजदूत अल्बर्ट खोरेव ने संकेत दिया है कि रूस, पाकिस्तान को रियायती दर पर तेल देने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अब तक पाकिस्तान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक अनुरोध नहीं किया गया है। उनका कहना है कि यदि पाकिस्तान पहल करता है, तो रूस सस्ती दरों पर तेल सप्लाई कर सकता है।
11 दिन का बचा है तेल भंडार
रिपोर्ट्स के अनुसार, रूसी कच्चा तेल करीब 70 से 76 डॉलर प्रति बैरल के बीच उपलब्ध है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 95 से 105 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंची हुई है। इसी बीच पाकिस्तान के पेट्रोलियम सचिव ने संसद की एक समिति को बताया कि देश के पास केवल 11 दिन का कच्चा तेल भंडार बचा है। फिलहाल, वहां पेट्रोल की कीमत करीब 321 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल 335 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है।
LNG की आपूर्ति भी हुई है प्रभावित
ऊर्जा संकट से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार ईरान के साथ बातचीत कर रही है, ताकि होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल आयात की अनुमति मिल सके। यदि यह मंजूरी मिलती है, तो चार जहाजों के जरिए तेल लाया जा सकता है। वहीं अधिकारियों ने आशंका जताई है कि 14 अप्रैल के बाद गैस की कमी गंभीर रूप ले सकती है, क्योंकि LNG की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
रेड सी रूट से लग सकते हैं 12 दिन
पाकिस्तान अपनी तेल जरूरतों का लगभग 70% हिस्सा मिडिल ईस्ट से आयात करता है, लेकिन मौजूदा तनाव और संघर्ष के कारण सप्लाई चेन और शिपिंग रूट बाधित हुए हैं। इससे कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। डीजल की अंतरराष्ट्रीय कीमत 88 डॉलर से बढ़कर 187 डॉलर तक पहुंच गई है, जबकि पेट्रोल 74 डॉलर से बढ़कर 130 डॉलर तक जा पहुंचा है। पहले जहां तेल 4-5 दिनों में पहुंच जाता था, अब रेड सी रूट से आने में करीब 12 दिन लग रहे हैं।
मोटरसाइकिल और रिक्शा चालकों को राहत
इसके अलावा, कतर से आने वाली गैस सप्लाई भी लगभग ठप हो गई है। मार्च में आने वाले 8 LNG कार्गो में से केवल 2 ही पहुंचे, और अप्रैल में भी कई कार्गो रद्द होने की आशंका है। इस वजह से सरकार घरेलू उपयोग के लिए गैस बचाने की योजना पर विचार कर रही है। स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने 23 अरब पाकिस्तानी रुपये की सब्सिडी देने का फैसला किया है, जिससे करीब 3 करोड़ मोटरसाइकिल और रिक्शा चालकों को राहत दी जाएगी। यह राशि सरकारी खर्च में कटौती से बचाए गए धन से दी जाएगी।
घबराकर पेट्रोल जमा करने की जरूरत नहीं
सरकार लगातार तेल के स्टॉक पर नजर बनाए हुए है। वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि फिलहाल सप्लाई सामान्य है और लोगों को घबराकर पेट्रोल जमा करने की जरूरत नहीं है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह की Dhurandhar 2 को बड़ा झटका, आखिरी 2 घंटे में कई शोज कैंसिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









