Madhya Pradesh

MP: सीएम निवास में रक्षाबंधन की थीम पर हुआ देवी अहिल्या बाई होल्कर महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन

MP: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में रक्षा बंधन की थीम पर आयोजित देवी अहिल्या बाई होल्कर महिला जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते कहा कि अगले महीने से इसका लाभ सभी महापौर अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष और पार्षदगण को मिलेगा।

नगर पालिका निगम के महापौर का मानदेय 22 हजार रुपए से बढ़कर 26 हजार 400 रुपए, उपाध्यक्ष का मानदेय 18 हजार से बढ़कर से बढ़कर 21हजार 600 रुपए और पार्षद का मानदेय 12 हजार से बढ़कर 14 हजार 400 रुपए प्रतिमाह हो जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष का मानदेय 6 हजार से बढ़कर प्रतिमाह 7 हजार 200 रुपए, उपाध्यक्षों का मानदेय 4 हजार 800 से बढ़कर 5 हजार 760 रुपए प्रति माह होगा और पार्षद का मानदेय 3 हजार 600 से बढ़कर 4 हजार 320 प्रति माह होगा।

नगर परिषद के अध्यक्ष 4 हजार 800 के स्थान पर 5 हजार 760 रुपए, उपाध्यक्ष 4 हजार 200 के स्थान पर 5 हजार 40 रुपए और पार्षद 2 हजार 800 रुपए प्रति माह के स्थान पर 3 हजार 360 रुपए प्रतिमाह प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हस्तानतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) वेब एप्लीकेशन का लोकार्पण भी किया और सर्टिफिकेट जनरेशन प्रक्रिया की शुरूआत की।

राखी, श्रृंगार सामग्री व परिधानों के लगाए गए स्टाल और आलता व मेहंदी लगवाने की भी थी व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या पूजन और दीप प्रज्जवलित कर तथा देवी अहिल्या के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास आईं बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, उनसे राखी बंधवाई तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम में पहुंचने पर ढोल धमाके और नृत्य के बीच तिलक कर उनका स्वागत किया गया। उत्सवीय वातावरण में आयोजित सम्मेलन में लगाए गए राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, पीएम स्व निधि और स्व सहायता समूह के उत्पादों की प्रदर्शनी मेले का आभास दे रही थी।

बहनों के लिए जहां एक और राखी, श्रृंगार सामग्री, खाद्य सामग्री ,सलवार सूट -साड़ियों के स्टाल लगाए गए थे, वहीं आलता और मेहंदी लगवाने की भी व्यवस्था थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और मंत्री श्री विजयवर्गीय ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर महिला उद्यमियों से चर्चा की। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद श्री वी.डी. शर्मा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ,भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ,पूर्व प्रोटेम स्पीकर तथा विधायक श्री रामेश्वर शर्मा उपस्थित थे।

सीसीटीवी परियोजना, महिलाओं के लिए विशेष सिटी बस और पिंक टॉयलेट की होगी व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए करों व शुल्कों के माध्यम से स्वयं की आय में अपने संभाग में सबसे अधिक वृद्धि करने वाली नगर पालिका को 5 करोड़ रुपए तथा नगर परिषद को 2 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष प्रोत्साहन के रूप में दिए जाएंगे। जेंडर बजट तैयार कर माता बहनों की सुरक्षा व सुविधा के लिए अनुपूरक बजट में विशेष प्रावधान किया जा रहे हैं।

जिसके अंतर्गत सीसीटीवी परियोजना, महिलाओं के लिए स्थानीय परिवहन हेतु सिटी बस में विशेष प्रावधान, महिलाओं के लिए विशेष पिंक टॉयलेट आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही महिला उद्यमियों के लिए निकायों में प्राथमिकता वाले विशेष प्रावधान और हितग्राही मूलक योजनाओ में महिलाओं को नामांकित करने जैसी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रदेश में महिला आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2025 को प्रदेश उद्योग आधारित वर्ष के रूप में मनाने वाला है। अत: लघु -कुटीर उद्योग, महिला स्व सहायता समूह और एमएसएमई को मिलाकर महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी दिशा में प्रतिमाह स्थानीय स्तर पर इन्वेस्टर समेत आयोजित की जा रही है़, अगस्त माह में ग्वालियर,सितंबर मंर सागर और अक्टूबर में रीवा में इन्वेस्टर समिट होंगी। संपूर्ण प्रदेश में महिला आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने 300 वर्ष पहले महेश्वरी साड़ी उत्पादन की शुरुआत कर जो स्वरोजगार की दिशा में प्रभावी कदम उठाया था। महिला जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सशक्त भूमिका निभाएंगे, यही अपेक्षा है।

समाज को जोड़ते हुए मनाया जाए हर घर तिरंगा अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अपने अपने क्षेत्र में रक्षाबंधन की गतिविधियों के साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ तिरंगा अभियान में भी हर संभव योगदान दिया जाए, यह सुनिश्चित करेंगे हर घर पर तिरंगा लगे। यह स्वतंत्रता सेनानियों को वास्तविक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस को पूर्ण गरिमा के साथ मनाया जाए। हर जिले में स्थापित पुलिस बैंड को जोड़ते हुए 15 अगस्त पर भव्य उल्लास पूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

इसके साथ ही जिलों में होने वाले शासकीय कार्यक्रमों में पुलिस बैंड को जोड़ते हुए कार्यक्रमों को गरिमा पूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए। प्रदेश में जन्माष्टमी भी धूमधाम से मनाने का प्रबंध किया जाए। सभी नगरीय निकायों में समाज को साथ जोड़ते हुए कार्यक्रम हों। जन्माष्टमी पर्व पर माता बहनों और बच्चों पर केंद्रित गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।

सरकार का सरोकार अपनी संस्कृति के साथ होना चाहिए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर ग्वालियर, सतना और रीवा में 24 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों का चौड़ीकरण करने के लिए भूमि अधिग्रहीत करने पर मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इस अधिकार विस्तार सभी 16 नगर निगम नगर निगमों में किया जाएगा। नगर निगम को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रावधान किया जा रहे हैं इसमें एफ ए आर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। नगर निगमन को नगरीय विकास के लिए आर्थिक रूप से अधिक सशक्त किया जाएगा इसके साथ ही नगर निगम अपने आय के साधन भी सृजित कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय संस्कृति में त्योहार और पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय परम्परा में मातृ सत्ता का स्थान सदैव पूजनीय और महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का सरोकार अपनी संस्कृति के साथ होना चाहिए, इसी क्रम में सरकार ने तय किया है कि सभी तीज त्योहारों के आयोजन में सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में बहनों द्वारा राखी बांधने पर उन्होंने बहनों का आभार माना।

महिला सशक्तिकरण की सभी योजनाओं में प्रदेश को देश में नम्बर वन बनाएं : नगरीय विकास मंत्री श्री विजयवर्गी

नगरीय विकास एवं शहरी आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश में देश में सबसे पहले नगरपालिकाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। महिला जन प्रतिनिधि, महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के लिए समर्पित होकर कार्य करें और महिला सशक्तिकरण की सभी योजनाओं में प्रदेश को देश में नम्बर वन बनाएं।

प्रमुख सचिव श्री नीरज मंडलोई ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, स्वच्छ भारत अभियान में देश में सर्वश्रेष्ठ है। प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि,दीनदयाल अंत्योदय योजना, स्मार्ट सिटी परियोजना में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत है। सभा को सांसद श्री वीडी शर्मा तथा राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने भी संबोधित किया।

ये भी पढ़ें- Ben Stokes Injury : बेन स्टोक्स को लगी चोट, मैदान से जाना पड़ा बाहर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button