Punjab

MGNREGA कमजोर, कानून-व्यवस्था ध्वस्त, BJP की G RAM G गरीबों और पंजाब पर हमला- मोहित मोहिंद्रा

Punjab Congress : पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित मोहिंद्रा ने आज भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। इसके साथ ही ग्रामीण रोजगार, संघीय ढांचे, पंचायती राज और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सुनियोजित हमला किया जा रहा है।

पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था

पटियाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मोहित मोहिंद्रा ने मोगा में एक आप सरपंच और एक कांग्रेस कार्यकर्ता की हालिया हत्या की कड़ी निंदा की और इसे पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण बताया।

उन्होंने कहा, “राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्याएं हो रही हैं, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार लोगों की जान बचाने में पूरी तरह विफल रही है। कानून-व्यवस्था का यह पतन पंजाब में आप सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है।

मीडिया पर हमला- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार

मोहित मोहिंद्रा ने पंजाब में पत्रकारों पर हो रहे लगातार हमलों और डराने-धमकाने की घटनाओं की भी कड़ी निंदा की और इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि ‘खर्चा और पर्चा’ की सरकार को दिल्ली वापस भेजा जाए। जो सरकार मीडिया को चुप कराती है और सवालों से डरती है, उसे पंजाब पर शासन करने का कोई अधिकार नहीं है।

G RAM G- ग्रामीण रोजगार के लिए एक आपदा

भाजपा की नई ‘विकसित भारत G RAM G’ (गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका – ग्रामीण) योजना को उजागर करते हुए मोहित मोहिंद्रा ने कहा कि भाजपा ने रोजगार की कानूनी गारंटी छीनकर इसे दिल्ली से नियंत्रित, विवेकाधीन योजना में बदल दिया है।

उन्होंने कहा, MGNREGA एक कानूनी अधिकार था, कोई खैरात नहीं। भाजपा ने संवैधानिक आश्वासन को अनुमति-आधारित योजना में बदल दिया है।

तीन प्रमुख मुद्दे जो साबित करते हैं कि G RAM G पूरी तरह विफल है-

ग्रामीण रोजगार अब अधिकार नहीं रहा

MGNREGA के तहत ग्रामीण परिवारों को काम मांगने का कानूनी अधिकार था, लेकिन G RAM G के तहत रोजगार केंद्र सरकार की अधिसूचनाओं और मंजूरियों पर निर्भर होगा। अधिकारों को दया में बदल दिया गया है- मोहिंद्रा।

पंजाब पर भारी वित्तीय बोझ

करीब 4 लाख करोड़ के कर्ज में डूबे पंजाब पर 60:40 के खर्च साझा मॉडल को थोपे जाने के पीछे केंद्र सरकार की मंशा पर उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने कहा, फैसले दिल्ली करेगी और बिल पंजाब भरेगा। यह राज्यों पर सीधा आर्थिक दबाव है।

पंचायती राज व्यवस्था का विनाश

नई व्यवस्था में सभी फैसले केंद्र के हाथों में केंद्रित कर दिए गए हैं और ग्राम सभाओं व पंचायतों को दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने कहा, पंजाब के गांवों में कौन काम करेगा, कब करेगा और कौन-सा काम करेगा, यह फैसला दिल्ली क्यों करे? यह कानून जमीनी लोकतंत्र को पूरी तरह खत्म करता है।

125 दिन सिर्फ सुर्खी, गारंटी नहीं

रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 करने के भाजपा के दावे को खारिज करते हुए मोहित मोहिंद्रा ने कहा, कानूनी गारंटी के बिना 125 दिनों का क्या मतलब है? आंकड़े परिवारों का पेट नहीं भरते, अधिकार भरते हैं।

MNREGA मजदूर अधिकार बचाओ यात्रा को पंजाब यूथ कांग्रेस का समर्थन

मोहित मोहिंद्रा ने घोषणा की कि पंजाब यूथ कांग्रेस, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में आयोजित की जा रही ‘MNREGA मजदूर अधिकार बचाओ यात्रा’ का पूरा समर्थन करेगी और इसमें सक्रिय रूप से भाग लेगी।

उन्होंने कहा, यह यात्रा ग्रामीण मजदूरों के रोजगार अधिकारों और संघीय ढांचे की रक्षा की लड़ाई है। पंजाब यूथ कांग्रेस, पंजाब के हर जिले में मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

कांग्रेस का स्पष्ट रुख

कांग्रेस पार्टी की स्थिति दोहराते हुए मोहित मोहिंद्रा ने कहा, “रोजगार कोई खैरात नहीं, बल्कि अधिकार है। राज्यों को शासन में साझेदार होना चाहिए, दिल्ली के बिल काउंटर नहीं। पंजाब यूथ कांग्रेस इस गरीब-विरोधी, संघीय ढांचे के खिलाफ और पंजाब-विरोधी कानून का हर मंच पर विरोध करेगी। आने वाले दिनों में पंजाब यूथ कांग्रेस पूरे पंजाब में जनमत तैयार करती रहेगी और इस मुद्दे को जोर-ोर से उठाएगी।

ये भी पढ़ें- नंगे पांव चलकर श्री अकाल तख़्त साहिब पेश हुए मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button