Delhi NCRबड़ी ख़बर

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का निगम बोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, भड़के राहुल गांधी

Manmohan Singh Died : देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार (28 दिसंबर 2024) को निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वहीं उनके अंतिम संस्कार वाली जगह और स्मारक स्थल को लेकर राजनीति जोरों पर है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर अपमान करने का आरोप लगाया है।

‘केंद्र सरकार ने पूर्व पीएम का अपमान किया’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कहा, “भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार के द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है। एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं।”

‘सर्वोच्च सम्मान के हकदार हैं मनमोहन सिंह’

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए, ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान (भारत रत्न) और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को देश के इस महान पुत्र और उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था।”

इससे पहले शुक्रवार (27 दिसंबर 2024) को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने मोदी सरकार को चिट्ठी लिखकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए अलग जमीन देने की मांग की थी। कांग्रेस अन्य प्रधानमंत्रियों की तरह ही मनमोहन सिंह के लिए भी अलग से स्मारक बनावाने की मांग कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे लेकर गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की थी।

सरकार पूर्व पीएम को समाधि के लिए 1000 गज़ जमीन न दे सकी

कांग्रेस की इस मांग में अकाली दल भी उनके साथ आ गई है। वहीं दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने निगम बोध घाट पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार होने पर हैरानी जताई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, मैं स्तब्ध हूं कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर किया गया। इसके पहले भारत के सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाता था। सिख समाज से आने वाले, पूरी दुनिया में ख्याति प्राप्त, 10 वर्ष भारत के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार और समाधि के लिए बीजेपी सरकार 1000 गज़ जमीन भी न दे सकी।

यह भी पढ़ें लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ अब्दुल रहमान मक्की की हार्ट अटैक से मौत, 26/11 मुंबई हमले का था दोषी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button