
Lucky Oberoi Murder Case : पंजाब के रहने वाले आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय हत्याकांड में एक अहम जानकारी सामने आई है। इस हत्याकांड में नामजद दलबीर सिंह उर्फ दलबीरा का पहली बार बयान सामने आया है जिसमें उसने कई बड़े खुलासे किए हैं। दलबीरा ने ये कहते हुए अपने उपर लगे सारे आरोपों को खारिज किया है कि लक्की ओबेरॉय हत्याकांड से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उसने ये भी दावा किया कि वह कभी लक्की के संपर्क में था ही नहीं और ना ही कभी किसी तरह से उसकी बातचीत हुई है।
लक्की के दोस्त के साथ पुरानी रंजिश
हालांकि इस दौरान उसने लक्की के दोस्त से झगड़ा होने की बात कबूली है। दलबीरा ने बताया कि उसकी पुरानी रंजिश शशि शर्मा उर्फ बुद्धी के साथ है, जो कि लक्की का दोस्त है। बुद्धी के साथ उसकी पहले मारपीट की घटना हुई थी और उसकी रंजिश के चलते उसे इस मामले में घसीटा गया है। इस दौरान उसने लक्की ओबेरॉय के भाई पर गंभीर आरोप लगाया। कहा कि लक्की के भाई ने बुद्धी के कहने पर उन पर धमकी देने और उनके खिलाफ हत्या का झूठा केस दर्ज करवाया। उसे राजनीतिक रंजिश के चलते इस मामले में घसीटा जा रहा है।
दलबीरा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उसका कथित ‘प्रधानगी’ विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। उसने आरोप लगाया कि छात्र राजनीति और प्रधानगी की संस्कृति ने कई युवाओं का भविष्य खराब किया है और आज जिन आपराधिक गिरोहों का नाम सामने आता है, उनकी जड़ें भी इसी माहौल में पनपी हैं। उसके अनुसार, “आज जो भी गैंगस्टर बनता है, उसकी शुरुआत प्रधानगी की राजनीति से होती है।
‘लक्की की हत्या प्रधानगी विवाद का नतीजा’
दलबीरा का कहना है कि लक्की की हत्या भी इसी आपसी प्रधानगी विवाद का नतीजा है और वह खुद उसी माहौल का शिकार हो गया। उसने बताया कि लक्की, जोगा और शशि शर्मा शुरू से एक साथ थे और कॉलेज के दौरान प्रधानगी को लेकर इनके बीच ही टकराव पैदा हुआ था।
उसने दोहराया कि न तो उसकी लक्की से कोई बातचीत हुई और न ही जोगा नाम के किसी व्यक्ति से उसका संपर्क रहा। दलबीरा ने दावा किया कि यह पूरा मामला आपसी रंजिश का है और उसे जानबूझकर साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
पिछले दो वर्षों से आपराधिक गतिविधि से दूर दलबीरा
उसने यह भी कहा कि वह पिछले दो वर्षों से किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर है और विदेश में रहकर शांतिपूर्ण जीवन जी रहा है। बिना ठोस सबूत के उसे गैंगस्टर घोषित किया जा रहा है। उसके मुताबिक, जब किसी का नाम हत्या जैसे गंभीर मामले में सामने आता है तो विस्तृत जांच होती है, लेकिन उसके मामले में पहले ही छवि खराब कर दी गई। दलबीरा ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर गलत है और पुलिस को भी सच्चाई की जानकारी है।
ये भी पढ़ें – बेंगलुरु में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर कई गाड़ियों की टक्कर, 7 की मौत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









