Lok Sabha Election 2024: राजस्थान में पीएम मोदी की चुनावी हुंकार, विपक्ष पर किए कड़े प्रहार

Lok Sabha Election 2024
Lok Sabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए धुआँधार प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। संगठन में जोश फूँकने के लिए पीएम मोदी लगातार दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में वो शनिवार 6 अप्रैल को राजस्थान के अजमेर में पहुँचे। अजमेर के पुष्कर के मेला मैदान में पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया।
नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का तय करता है भविष्य
चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 6 अप्रैल को ही भाजपा की स्थापना हुई थी। ये संयोग देखिए कि आज ही मुझे पुष्कर क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला है। उन्होने कहा कि ब्रह्माजी तो निर्माता हैं और भाजपा भी नए भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है।

देश में एक बड़े बदलाव की शुरुआत
पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का ये चुनाव ऐसा ही एक अवसर है। आज याद कीजिए, कितने दशकों तक हमारे देश में जोड़-तोड़ वाली सरकारें चलीं। गठबंधन की मजबूरियां और हर किसी के अपने स्वार्थ, इन सब में देश का हित पीछे छूट गया था। उन्होने कहा कि कांग्रेस के समय में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला, इन सभी का जीना मुश्किल हो गया था। हर दिन अखबारों में या तो घोटालों की खबरें छपती थीं या आतंकी हमलों की खबरें आती थीं। लेकिन 2014 से देश में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता। कांग्रेस ने ना कभी गरीब की परवाह की और ना ही कभी वंचितों-शोषितों-युवाओं के बारे में सोचा, कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा, एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतनी ही भ्रष्टाचारी पार्टी। उन्होने कहा कि कल कांग्रेस पार्टी ने एक झूठ पुलिंदा का जारी किया है, अपना घोषणा पत्र जारी किया है। हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। मुस्लिम लीग के उस समय के विचारों को कांग्रेस आज भारत पर आज थोपना चाहती है। मुस्लिम लीग की छाप वाले इस घोषणा पत्र में जो बचा-कुचा हिस्सा था, उस पर वामपंथी हावी हो गए हैंं। आज कांग्रेस के पास न सिद्धांत बचे हैं और न ही नीतियां बची हैं। ऐसा लग रहा है, कांग्रेस सब कुछ ठेके पर दे चुकी है, पूरी कांग्रेस पार्टी को आउट सोर्स कर चुकी है।
यह भी पढ़ें: डिप्टी सीएम ने बृजेश पाठक ने चौधरी कंवर सिंह तंवर के पक्ष में की वोट की अपील, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप