IPL 2025 का आगाज आज से, KKR vs RCB के बीच खेला जाएगा पहला मुकाबला

KKR vs RCB IPL 2025 Match
KKR vs RCB IPL 2025 Match : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का आगाज आज (22 मार्च) से हो रहा है, जिसमें पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेला जाएगा। इस सीजन में आरसीबी अपनी हार के सिलसिले को तोड़ने और पहली बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि केकेआर अपने तीसरे खिताब की तलाश में दमदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला भी 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ही खेला जाएगा। इस बार आईपीएल में रोमांच अपने चरम पर होगा, जहां टीमें खिताब के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी।
बारिश मैच में बाधा डाल सकती है
लेकिन इस मुकाबले पर खराब मौसम के बादल मंडरा रहे हैं। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट के साथ, बारिश और आंधी के पूर्वानुमान ने सीजन के ओपनिंग मैच पर ग्रहण लगा दिया है। इस वजह से ओपनिंग मैच और उससे पहले आयोजित होने वाली शानदार ओपनिंग सेरेमनी दोनों में खलल पड़ सकता है।
IMD ने पश्चिम बंगाल में अस्थिर मौसम की चेतावनी जारी की है। 20 मार्च से 22 मार्च तक कोलकाता सहित राज्य के कई हिस्सों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है। IMD की इस भविष्यवाणी से ईडन गार्डन्स में होने वाले पहले मुकाबले में बाधा आ सकती है, जिससे स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की उम्मीदों को झटका लग सकता है।
बारिश के कारण केकेआर और आरसीबी दोनों टीमों का प्रैक्टिस सेशन प्रभावित हुआ है। इसके अलावा, केकेआर के इंटर-स्क्वाड मैच भी पिछले कुछ दिनों में मौसम के कारण बाधित हुए हैं। अगर बारिश जारी रहती है, तो IPL 2025 के उद्घाटन मुकाबले पर भी इसका असर पड़ सकता है
बारिश के कारण KKR vs RCB मैच में खलल पड़ता है तो क्या होगा?
प्लेऑफ और फाइनल के विपरीत ओपनर सहित ग्रुप-स्टेज मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं हैं। हालांकि खेल को निर्धारित समाप्ति समय से 60 मिनट तक बढ़ाया जा सकता है।
रिजल्ट प्राप्त करने के लिए प्रत्येक टीम को कम से कम पांच ओवर खेलने की आवश्यकता होती है। पांच ओवर के मैच के लिए कट-ऑफ समय 10:56 PM (भारतीय समयानुसार) है, और मैच को अगले दिन 12:06 AM (भारतीय समयानुसार) तक समाप्त करना होगा। बारिश के कारण होने वाली देरी की अवधि के आधार पर ओवरों की कटौती शुरू हो जाएगी।
ओपनिंग मैच में RCB और KKR का रिकॉर्ड
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड ओपनिंग मैचों में कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने पांच में से सिर्फ एक मैच जीता है। यह जीत उन्हें 2021 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली थी। वहीं, केकेआर को ओपनिंग मैच में हराना आसान नहीं होता है। अजिंक्य रहाणे की टीम ने अभी तक आईपीएल में 7 बार ओपनिंग मैच खेले हैं और 6 में जीत हासिल की है। उन्हें एकमात्र हार 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली थी।
IPL की पहली शुरुआत RCB और KKR से हुई थी?
2008 में जब आईपीएल शुरू हुआ था, तब भी पहला मैच इन्हीं दोनों टीमों के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। उस मैच में KKR के ब्रेंडन मैकुलम ने RCB के खिलाफ 158 रनों की तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने IPL के आने वाले सालों का ट्रेलर दिखा दिया था।
दो बार IPL जीत चुका है KKR
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) अब तक 2 बार आईपीएल का खिताब जीत चुका है। पहला, 2012 में गौतम गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को फाइनल में हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। दूसरा, 2014 में केकेआर ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) को हराकर दूसरी बार चैंपियन बना।
RCB नहीं जीती है एक भी IPL ट्रॉफी
वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अब तक एक भी आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीती है। हालांकि, आरसीबी तीन बार फाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा:
- 2009 – डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ फाइनल में हार
- 2011 – चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ फाइनल में हार
- 2016 – सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ फाइनल में हार
हालांकि, आरसीबी की टीम हमेशा मजबूत रही है और उनके पास विराट कोहली, एबी डिविलियर्स (अब रिटायर्ड), ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डु प्लेसिस जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेल चुके हैं। अब देखना होगा कि आईपीएल 2025 में क्या आरसीबी अपनी पहली ट्रॉफी जीत पाएगी या नहीं।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच कैसी है?
ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। इस स्टेडियम में अब तक 93 IPL मैच खेले जा चुके हैं। यहां पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने 38 और चेज करने वाली टीमों ने 55 मैच जीते हैं। इस स्टेडियम का हाईएस्ट टीम स्कोर 262/2 है, जो पंजाब किंग्स ने पिछले साल कोलकाता के खिलाफ बनाया था।
KKR के कप्तानों की सूची
कप्तान | अवधि | मैच | जीते | हारे | टाई/एनआर | विजय प्रतिशत (%) |
सौरव गांगुली | 2008-2010 | 27 | 13 | 14 | 0 | 48.15% |
ब्रेंडन मैकुलम | 2009-2009 | 13 | 3 | 9 | 1 | 23.07% |
गौतम गंभीर | 2011-2017 | 122 | 69 | 51 | 2 | 57.44% |
दिनेश कार्तिक | 2018-2020 | 37 | 19 | 17 | 1 | 51.35% |
इयोन मॉर्गन | 2020-2021 | 24 | 11 | 12 | 1 | 45.83% |
श्रेयस अय्यर | 2022, 2024 | 29 | 17 | 11 | 1 | 42.85% |
नीतीश राणा | 2023-2023 | 14 | 6 | 8 | 0 | 42.85% |
अजिंक्य रहाणे | 2025 (वर्तमान) | – | – | – | – | – |
RCB के कप्तानों की सूची
कप्तान | अवधि | मैच | जीते | हारे | टाई/एनआर | विजय प्रतिशत (%) |
राहुल द्रविड़ | 2008 | 14 | 4 | 10 | 0 | 28.57% |
केविन पीटरसन | 2009 | 6 | 2 | 4 | 0 | 33.33% |
अनिल कुंबले | 2009-2010 | 26 | 15 | 11 | 0 | 57.69% |
डेनियल विटोरी | 2018-2020 | 28 | 15 | 13 | 0 | 53.57% |
विराट कोहली | 2020-2021 | 143 | 66 | 70 | 3 | 48.16% |
फाफ डु प्लेसिस | 2022, 2024 | 31 | 17 | 14 | 0 | 54.83% |
रजत पाटीदार | 2025 (वर्तमान) | – | – | – | – | – |
विराट कोहली का कप्तानी रिकॉर्ड
विराट कोहली ने सबसे ज्यादा समय तक और सबसे ज्यादा मैचों में RCB टीम की कप्तानी की। उन्होंने अपने IPL करियर में कुल 143 मैचों में बेंगलुरु टीम की कमान संभाली। उनकी कप्तानी में RCB ने 143 मुकाबलों में से 66 बार जीत प्राप्त की और 70 बार टीम को हार झेलनी पड़ी। उनके अंडर 3 बार बेंगलुरु का मुकाबला टाई रहा और चार बार मैच का कोई परिणाम नहीं निकल पाया।
KKR और RCB IPL 2024 में दो बार आमने-सामने हुई
आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) दो बार आमने-सामने हुए, और दोनों बार केकेआर ने जीत दर्ज की। आखिरी मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222/6 रन बनाए, जिसमें श्रेयस अय्यर (50) और फिल साल्ट (48) का अहम योगदान रहा। जवाब में RCB ने 221 रन बनाए और सिर्फ 1 रन से हार गई। विल जैक्स (55) और रजत पाटीदार (52) की शानदार पारियां भी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। आंद्रे रसेल ने 3 विकेट लेकर केकेआर की जीत में अहम भूमिका निभाई।
KKR Squad IPL 2025 : क्विंटन डी कॉक, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, अनुकूल रॉय, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, रहमानुल्लाह गुरबाज, मनीष पांडे, मोईन अली, एनरिक नोर्त्जे, रोवमैन पॉवेल, मयंक मार्कण्डे, चेतन सकारिया, लवनीथ सिसोदिया।
RCB Squad IPL 2025 : रजत पाटीदार (कप्तान), जीतेश शर्मा, विराट कोहली, फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, लियाम लिविंगस्टोन, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल, स्वप्निल सिंह, लुंगी एनगिडी, रोमारियो शेफर्ड, मनोज भंडागे, रसिख दर सलाम, नुवान तुषारा, जेकब बेथेल, सुयश शर्मा, मोहित राठी, स्वस्तिक चिकारा, अभिनंदन सिंह।
यह भी पढ़ें : आज से शुरू हो रहा IPL 2025 का महाकुंभ, KKR और RCB के बीच खेला जाएगा पहला मुकाबला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप