HaryanaUncategorizedक्राइम

जेल में आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या मामले में बड़ा एक्शन, दो वरिष्ठ अधिकारी सस्पेंड

Abdul Rahman Murder Case : हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में रविवार रात हुई घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है। जेल में बंद आतंकवादी अब्दुल रहमान की हत्या के बाद सरकार ने जेल सुपरिटेंडेंट हरेंद्र सिंह और डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ सिक्योरिटी सचिन कौशिक को सस्पेंड कर दिया। इस आदेश का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर कड़ी कार्रवाई करना बताया गया है।

डीजीपी ने किया दौरा

घटना के बाद जेल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे थे। बुधवार को डीजीपी (जेल) आलोक मित्तल ने जेल का दौरा किया और घटनास्थल, जेल स्टाफ और कैदियों से पूछताछ की। पूरी जांच के आधार पर उन्होंने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। इसके अगले दिन गुरुवार को दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया गया।

AQIS से जुड़ा था आतंकी रहमान

आतंकी अब्दुल रहमान अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़ा हुआ था और कुख्यात आतंकी अबू सुफियान के संपर्क में था। उसे 2 मार्च 2025 को ATS गुजरात और हरियाणा STF की टीम ने गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई थी। वह तब से जेल में बंद था और उस पर आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप थे।

जेल में हत्या करने वाला आरोपी गैंगस्टर अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जाट है, जो जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर के गांव खौर देवनियां का निवासी है। अरुण का नाम दिसंबर 2023 में सांबा में हुई अक्षय शर्मा की हत्या के मामले में भी सामने आया था। अक्टूबर 2024 में उसे कठुआ जेल से नीमका जेल में ट्रांसफर किया गया था।

पत्थर से वार कर उतारा मौत के घाट

घटना के दिन अरुण चौधरी को नीमका जेल के चक्की सेल में शिफ्ट किया गया था, जहां पहले से ही अब्दुल रहमान और अन्य कैदी शोएब रियाज मौजूद थे। रविवार रात उसने अब्दुल रहमान के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस भयावह घटना ने जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गंभीर कमी को उजागर कर दिया है।

सरकार ने कहा है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जेल सुरक्षा में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

ये भी पढ़ें – तरनतारन में लॉ छात्रा संदीप कौर की हत्या के आरोपी प्रिंस राज की भी मौत, तीन दिन तक लड़ता रहा जंग

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button