
ईशान किशन ने जिस कदर एशिया कप में पिटाई की, उसे पूरा पाकिस्तान लंबे अरसे तक भूल नहीं पाएगा। ईशान किशन ने ताबड़तोड़ 82 रन बनाकर पाकिस्तानी गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए। भारतीय टीम को बड़े संकट से बाहर निकाल लिया। हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर भारत के स्कोर को 266 तक पहुंचा दिया। बारिश की वजह से पाकिस्तानी पारी शुरू ही नहीं हो सकी और मुकाबला रद्द कर दिया गया। पर इससे ईशान किशन की पारी का महत्व कम नहीं हो जाता।
ईशान ने लगातार चौथे ODI में अर्धशतक जड़ा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर 9.5 ओवर में 48 के स्कोर पर 3 खिलाड़ी आउट था। रोहित शर्मा 11, विराट कोहली 4 और श्रेयस अय्यर 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। यहां एंट्री हुई शेर दिल बल्लेबाज ईशान किशन की। ईशान ने शुभमन गिल के साथ पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन गिल भी 32 गेंद पर 10 रन बनाकर वापस लौट गए। 66 रन और विकेट 4! अब भारतीय पारी का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा था। पर ईशान चट्टान की तरह डट गए।
ईशान ने दबाव में रक्षात्मक क्रिकेट नहीं खेला, बल्कि पाकिस्तानी गेंदबाजों का धागा खोल दिया। मुश्किल हालात में कुछ लोग टूट कर बिखर जाते हैं, लेकिन सूरमा डटकर निखर आते हैं। मुश्किल परिस्थितियों में ईशान किशन ने 81 गेंद पर 101 की स्ट्राइक रेट के साथ 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 82 रनों की आतिशी पारी खेली।
ईशान ने हार्दिक पंड्या के साथ मिलकर वनडे इतिहास में भारत की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ पांचवें विकेट के लिए सबसे ज्यादा 138 रनों की साझेदारी बना दी। हार्दिक पंड्या ने भी ताबड़तोड़ 87 रनों की पारी खेली। ईशान शतक जरूर चूक गए लेकिन भारत की उम्मीदों को पंख लगा गए। ऋषभ पंत चोट के कारण वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे, लेकिन अब भरोसा हो गया है कि मिडिल ऑर्डर में ईशान की बदौलत हम ट्रॉफी जरुर उठाएंगे।