Iran US War Update : मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को घोषणा की कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के लिए युद्धविराम लागू होगा. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ ही घंटे पहले ट्रंप ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई करने और बड़े पैमाने पर हमला करने की चेतावनी दी थी.
अमेरिका की ओर से ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की बातचीत और अनुरोध के बाद उन्होंने ईरान की ओर भेजी जा रही सैन्य ताकत को रोकने का निर्णय लिया. ट्रंप ने यह भी कहा कि यह युद्धविराम केवल तभी प्रभावी होगा जब ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित और तुरंत खोलने पर सहमत होगा.
वार्ता का मजबूत आधार तैयार
राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे बताया कि अमेरिका और ईरान पहले ही कई सैन्य उद्देश्यों को पूरा कर चुके हैं और अब दोनों पक्ष मध्य पूर्व में स्थायी शांति के लिए एक ठोस समझौते के करीब हैं, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने 10-बिंदुओं का प्रस्ताव भेजा है, जो वार्ता के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है.
हमले रुके तो रुकेगी सैन्य कार्रवाई
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल मुनीर का विशेष धन्यवाद दिया. अराघची ने कहा कि उनके अथक प्रयासों के कारण क्षेत्र में तनाव कम करने और युद्धविराम लागू करने में मदद मिली, उन्होंने यह भी कहा कि यदि हमले रोके जाते हैं, तो ईरानी सशस्त्र सेनाएँ रक्षात्मक कार्रवाई बंद कर देंगी और दो सप्ताह के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा.
इस वार्ता और युद्धविराम ने क्षेत्रीय देशों के लिए तनाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें – ईरान पर अमेरिका के हवाई हमले, खर्ग और काशान में टारगेट किए गए करीब 50 ठिकाने
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









