बिज़नेसविदेश

पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत की ऊर्जा आपूर्ति मजबूत, होर्मुज के रास्ते भारत पहुंचा एक और जहाज

Middle East Conflict : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद भारत के लिए एलपीजी और कच्चा तेल लेकर आ रहे भारतीय ध्वज वाले टैंकर सुरक्षित रूप से गुजरात के प्रमुख बंदरगाहों तक पहुंच रहे हैं। इससे देश की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर तत्काल राहत मिली है और आपूर्ति श्रृंखला सामान्य बनी हुई है।

मुंद्रा स्थित अदाणी पोर्ट्स पर हाल ही में भारतीय ध्वज वाला क्रूड ऑयल टैंकर जग लाडकी’ पहुंचा। यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह बंदरगाह से लगभग 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर भारत आया है। विशेष रूप से, यह वही दिन था जब फुजैराह के तेल टर्मिनल पर हमला हुआ था, लेकिन इसके बावजूद टैंकर ने अपनी यात्रा जारी रखी। यह जहाज हाल के दिनों में भारत पहुंचने वाले प्रमुख तेल जहाजों में शामिल है।

मंगलवार को वाडीनार बंदरगाह पर पहुंचा नंदा देवी’

इसी तरह, एलपीजी से लदा टैंकर नंदा देवी’ मंगलवार को वाडीनार बंदरगाह पर पहुंचा। जहाज में लगभग 46,500 मीट्रिक टन एलपीजी है, जिसे एंकरिज क्षेत्र में शिप-टू-शिप (STS) ट्रांसफर के माध्यम से दूसरे जहाज MT BW Birch में स्थानांतरित किया जाएगा। इस प्रक्रिया को देश में एलपीजी आपूर्ति को मजबूत करने के लिए अहम माना जा रहा है।

ट्रांसफर प्रक्रिया की निगरानी के लिए दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी (DPA) के चेयरमैन ने स्वयं जहाज का दौरा किया और कप्तान व क्रू के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

सरकार की निगरानी और निर्देश

केंद्र सरकार ने प्रमुख बंदरगाहों को जहाजों की आवाजाही पर लगातार नजर रखने और कार्गो संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत एंकरिज, बर्थ हायर और स्टोरेज शुल्क में राहत दी जा रही है। साथ ही, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट पर अस्थायी ट्रांसशिपमेंट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि आपूर्ति प्रभावित न हो।

रिफाइनरियों की अतिरिक्त मांग

एलपीजी उत्पादन और वितरण बढ़ाने के निर्देशों के बाद एचपीसीएल मित्तल एनर्जी (बठिंडा) और रिलायंस रिफाइनरी (जामनगर) ने अतिरिक्त रेल रेक्स की मांग की है, ताकि गैस की आपूर्ति देशभर में तेजी से और सुचारू रूप से पहुंचाई जा सके।

ये भी पढ़ें – राजस्थान सीएम शर्मा ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना, जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के लगाए आरोप

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button