Delhi NCRUttar Pradeshमौसम

दिल्ली में मौसम का अचानक मिजाज बदलने से हर कोई हैरान, जनवरी में बढ़ी गर्मी

IMD Weather Forecast : दिल्ली में इस साल जनवरी के महीने में अचानक मौसम में बदलाव ने सभी को चौंका दिया है। राजधानी में इस समय गर्मी का अहसास हो रहा है, जो आमतौर पर ठंड के मौसम में नहीं होता। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार (22 जनवरी, 2025) को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में तापमान और बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसका कारण एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हवाएं हैं।

उत्तर भारत में तापमान और बारिश का अनुमान

आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने बताया कि उत्तर भारत में तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि, दिल्ली में तापमान में और वृद्धि की संभावना नहीं है. 24 जनवरी से, पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ने के कारण तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है. इसके अलावा 23 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, दिल्ली-एनसीआर और उत्तरी राजस्थान में मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना जताई गई है.

अन्य राज्यों में कोहरा

उत्तर भारत के कुछ अन्य राज्यों जैसे यूपी, बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में घने कोहरे की संभावना जताई जा रही है। इन राज्यों में दृश्यता कम होने से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ सकता है, खासकर यातायात में।

दिल्ली का AQI 262 दर्ज किया गया

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बुधवार सुबह 9 बजे 262 दर्ज किया गया, जो “खराब” श्रेणी में आता है। AQI 201 से 300 के बीच को “खराब”, 301 से 400 को “बहुत खराब”, और 401 से 500 के बीच को “गंभीर” श्रेणी में माना जाता है, जिससे दिल्लीवासियों को सावधान रहने की सलाह दी जाती है।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है

बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो छह वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। पिछली बार 21 जनवरी 2019 को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने लिए दो बड़े फैसले, कच्चे जूट का MSP बढ़ा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अगले 5 साल तक रहेगा जारी

Related Articles

Back to top button