Hyderabad: रेस्टोरेंट में सिलेंडर ब्लास्ट, 2 घायल, रेस्टोरेंट मालिक पर केस दर्ज

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक होटल में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है। जोरदार धमाके में 2 लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने हादसे की जानकारी दी है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
बता दें कि, आसिफ नगर पुलिस थाना के सर्किल इंस्पेक्टर श्रीनिवास ने बताया कि सिलेंडर ब्लास्ट की घटना मेहदीपट्टनम चौराहा पर मिराज एक्स रोड के किंग्स रेस्टोरेंट की है। पुलिस ने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे रेस्टोरेंट में रखे एलपीजी के दो सिलेंडर में अचानक धमाका हो गया। सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई।
फौरन पुलिस को पूरे हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू कर रेस्टोरेंट से लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने हादसे के पीछे तकनीकी वजह बताई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘हादसे की सूचना मिलते ही हम घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को रेस्क्यू किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। दो लोगों को मामली चोट आई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’
रेस्टोरेंट मालिक पर केस दर्ज
उन्होंने आगे बताया कि रेस्टोरेंट मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने रेस्टोरेंट के मालिक के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।