Haryanaराजनीति

हरियाणा में खरीफ कृषि मेला का उद्घाटन, सीएम सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि किया संबोधित

Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, हिसार के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय खरीफ कृषि मेला के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन में आना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आज का दिन भावनाओं, संस्कारों और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम है। इसी दिन भारत मां के तीन वीर सपूतों ने हंसते-हंसते फांसी का फंदा चुना था।

वैज्ञानिकों की दूरदृष्टि का उत्सव

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह भव्य आयोजन “सतत कृषि और समृद्धि की राह” विषय पर हो रहा है और यह मेला हरियाणा की कृषि शक्ति, अन्नदाताओं के परिश्रम और विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की दूरदृष्टि का उत्सव है। उन्होंने गोकुलपुरा में 64 एकड़ के क्षेत्र में 11 करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बने मोटे अनाज अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन भी किया।

कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य

सैनी ने कहा कि हरित क्रांति के दौर से लेकर आज तक हरियाणा के किसानों ने देश के अन्न भंडार को भरने में अग्रणी भूमिका निभाई है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और जलवायु स्मार्ट कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित मशीनें खेती को आसान, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल बना रही हैं।

हरियाणा सरकार किसानों के हित में

उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की शुरुआत मध्य प्रदेश से होने और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

बागवानी बीमा योजना में 21 फसलें शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मेरा पानी मेरी विरासत” योजना के तहत किसानों को 157 करोड़ रुपए वित्तीय सहायता दी जा रही है। पराली प्रबंधन के लिए मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में 7562 करोड़ रुपए सीधे पहुंचाए गए हैं। बागवानी बीमा योजना में 21 फसलों को शामिल किया गया है।

तकनीकों की किसानों को दी जाएगी जानकारी

वर्ष 2026-27 के बजट में 1 लाख 40 हजार एकड़ सेम ग्रस्त भूमि को सेम मुक्त करने का निर्णय लिया गया है। दो दिवसीय मेले में कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं और तकनीकों की किसानों को जानकारी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी का बयान, होर्मुज मार्ग पर रुकावट स्वीकार्य नहीं, भारत 41 देशों से आयात कर रहा ऊर्जा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button