Haryanaराज्य

हरियाणा सरकार ने बजट सत्र में पेश की विकास और कल्याण की प्रमुख योजनाएं

Haryana News : प्रो असीम कुमार घोष ने 15वीं हरियाणा विधानसभा के दूसरे बजट सत्र के शुभ अवसर पर सभी का हृदयपूर्वक स्वागत किया, उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर वर्ग का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना ही देश की सच्ची सेवा तथा वंदे मातरम की सच्ची अभिव्यक्ति है.

हरियाणा सरकार ने विजन डॉक्युमेंट 2047 पेश किया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करना है. राज्यपाल ने कहा कि अंत्योदय दर्शन संवेदनशील शासन की नैतिक प्रतिबद्धता है और सोशल सिक्योरिटी पेंशन अब एक्टिव मोड में दी जा रही है, जिससे प्रदेश के जरूरतमंदों को सीधे लाभ मिलेगा.

1 लाख 56 हजार से अधिक मकान बनाए गए

हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, दिव्यांगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों को हर महीने 3,200 रुपए मिलते हैं. प्रदेश में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 1 लाख 56 हजार से अधिक मकान बनाए गए हैं.

पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ खेती

हरियाणा सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और उनके जोखिम को न्यूनतम करने के लिए बहुआयामी रणनीतियाँ अपनाई हैं. प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ खेती के क्षेत्र में देश के लिए नई मिसाल कायम की है. साथ ही, महिला सशक्तिकरण के लिए उनके सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने हेतु अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं.

हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को प्राथमिकता दी है. हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने राज्य की भर्ती प्रक्रिया में परिवर्तनकारी भूमिका निभाई है. राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता, पहुंच और समान अवसर पर विशेष ध्यान दिया है.

शैक्षिक संस्थानों का आधुनिकीकरण

हरियाणा में विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है. सरकार ने राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. 1 जुलाई 2024 से 31 दिसंबर 2025 तक पंजीकृत मामलों में सजा की दर 74.13 प्रतिशत तक बढ़ गई है.

परिवहन और शहरी ढांचे का विकास

हरियाणा सरकार ने सड़कों, परिवहन, शहरी सुविधाओं और डिजिटल ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी है. वर्ष 2025-26 के दौरान 6,030 किलोमीटर सड़कों की विशेष मरम्मत सफलतापूर्वक पूरी की गई. राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए 11,607 करोड़ रुपए की लागत वाला हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर गेम चेंजर साबित होगा.

राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा निवेशकों के लिए एक पसंदीदा स्थल के रूप में उभरा है. वर्ष 2023-24 में राज्य का कुल निर्यात 2.75 लाख करोड़ रुपए के ऐतिहासिक आंकड़े को छू गया, जबकि वर्ष 2024-25 में मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट ने 1,61,707 करोड़ रुपए का नया रिकॉर्ड बनाया. सम्मानित सदन ने 22 सितंबर 2025 को जन्म विश्वास बिल 2025 पास करके इतिहास रचा.

ग्रामीण विकास और महाग्राम योजना की प्रगति

हरियाणा सरकार ने ग्रामीण विकास को केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सम्मानजनक जीवन स्तर बनाए रखने को भी लक्ष्य बनाया है. महाग्राम योजना के तहत 19 गांवों में परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 43 गांवों में कार्य प्रगति पर है. इसके अलावा गांवों में 983 अटल लाइब्रेरी, 415 इनडोर जिम और 616 महिला सांस्कृतिक केंद्र बनाए गए हैं.

नई परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति

राज्यपाल ने कहा कि सम्मानित सदन के सभी माननीय सदस्यों की सिफारिश पर इस वित्त वर्ष अब तक 963 करोड़ 40 लाख रुपए की नई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है. नगर निर्गमन की सीमाओं के भीतर 858 अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमितीकरण के लिए अधिसूचित किया गया. सरकार हर नागरिक को स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य देने के लिए प्रतिबद्ध है.

विद्युत विकास और 24 घंटे बिजली आपूर्ति

हरियाणा में वर्ष 2020-21 से अब तक 223 नए सबस्टेशन बनाए गए हैं. म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत 6,019 गांवों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई. कुरुक्षेत्र में सिख गुरुओं को समर्पित म्यूजियम और मेमोरियल बनाने के लिए 5 एकड़ भूमि स्वीकृत की गई है. इस वित्तीय वर्ष में जनवरी माह तक राज्य की जीएसटी वृद्धि में हरियाणा देश के सभी राज्यों में प्रथम स्थान पर रहा.

हरियाणा का राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में योगदान

राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में 3.8 प्रतिशत का प्रभावी योगदान दे रहा है. राष्ट्रीय जीएसटी संग्रहण में 7.34 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ हरियाणा देश में पांचवें स्थान पर है. राज्यपाल ने सदन के सभी माननीय सदस्यों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रदेश के उज्जवल भविष्य के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया.

ये भी पढ़ें- Bengaluru Murder Case : बेंगलुरु में 70 साल की महिला की गला काटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button