LPG Gas Cylinder : संसद में एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी को लेकर विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के सांसदों ने सरकार पर आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के स्टॉक को लेकर सही जानकारी नहीं दी जा रही है और जनता को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई जगहों पर गैस सिलेंडर की कमी दिखाई दे रही है, इसलिए सरकार को स्थिति साफ करनी चाहिए।
हरदीप सिंह पुरी ने दिया जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा और संसद में चर्चा के लिए नोटिस दिया। इसके बाद लोकसभा में गैस संकट को लेकर चर्चा शुरू हुई। बहस की शुरुआत राहुल गांधी ने की, जिसके बाद पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सरकार की ओर से जवाब दिया।
28 प्रतिशत बढ़ाया गया एलपीजी का उत्पादन
हरदीप पुरी ने लोकसभा में कहा कि देश में गैस की आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने बताया कि CNG की सप्लाई पूरी तरह जारी है और रोजाना LNG के कार्गो भारत पहुंच रहे हैं। उनके मुताबिक पिछले पांच दिनों में एलपीजी का उत्पादन लगभग 28 प्रतिशत बढ़ाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के पास पर्याप्त कच्चा तेल मौजूद है और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है।
भारत 40 देशों से आयात करता है कच्चा तेल
मंत्री ने बताया कि भारत करीब 40 देशों से कच्चा तेल आयात करता है और मौजूदा हालात से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस सिलेंडर को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है और जल्दबाजी में बुकिंग न करें।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा तनाव का असर
इस बीच इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है, जिसकी चर्चा भारत में भी हो रही है। सरकार का कहना है कि गैस और कच्चे तेल की सप्लाई सुरक्षित है और जल्द ही एलएनजी के दो और कार्गो भारत पहुंचने वाले हैं।
जमाखोरी की भी शिकायतें सामने आई
हालांकि देश के कुछ शहरों में अभी भी गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कई जगहों पर लोगों में सिलेंडर लेने की जल्दी दिखाई दे रही है और जमाखोरी की शिकायतें भी सामने आई हैं। इन हालात को देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें- दिल्ली नोएडा में सिलेंडर की किल्लत, कतारों में लगे लोग, गैस सिलेंडर की भारत में परेशानी क्यों?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









