Punjab

‘गैंगस्टरों पर वार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का सदस्य अमृत दालम गिरफ्तार

Gangstran Te Vaar : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत न्याय से बचने के लिए विदेशों में छिपे अपराधियों को ट्रैक कर उन्हें भारत वापस लाने के प्रयासों में बड़ी सफलता मिली है। इस क्रम में वांछित गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम को मोल्डोवा सीमा से हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी आज पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी।

रेड कॉर्नर नोटिस के तहत कार्रवाई

बताया गया है कि फरार आरोपी अमृतपाल दालम को पंजाब पुलिस के अनुरोध पर विदेश मंत्रालय (एम ई ए), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी बी आई ), इंटरपोल और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से जारी इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया।

कानूनी प्रक्रिया के तहत पंजाब वापसी

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब पुलिस ने हाल ही में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस अशिश चौधरी की अगुवाई में ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओ एफ टी ई सी) का गठन किया है, ताकि विदेशों में छिपे अपराधियों को ट्रैक कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पंजाब वापस लाया जा सके।

नकली पासपोर्ट बनवाकर भागा विदेश

जानकारी के अनुसार बटाला के दालम नंगल गांव का रहने वाला अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा हुआ है और वह नकली पासपोर्ट की मदद से विदेश भाग गया था। आरोपी विशेष रूप से अमृतसर क्षेत्र में बड़ी हस्तियों और कारोबारियों को निशाना बनाकर फोन के माध्यम से फिरौती मांगने की गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतपाल सिंह पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

जल्द कानून के समक्ष होंगे पेश

उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय और पंजाब पुलिस एजेंसियों की निरंतर कार्रवाई के चलते अमृत दालम को हिरासत में लेने में सफलता मिली है। उसकी प्रत्यर्पण/डिपोर्टेशन प्रक्रिया के लिए कानूनी और कूटनीतिक कार्यवाही जारी है, ताकि उसे जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।

पंजाब पुलिस तोड़ेगी अपराधियों की कमर

डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस का ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओ एफ टी ई सी) इस समय विदेशों में छिपे विभिन्न अपराधियों को पकड़ने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-लद्दाख समेत 7 अन्य राज्यों के बदले राज्यपाल, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button