Jhalawar Police Action : खानपुर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रंजिश के चलते रची गई हत्या की साजिश का खुलासा किया है. मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने कथित तौर पर 7 लाख रुपये की सुपारी देकर एक व्यक्ति की हत्या कराने की योजना बनाई थी.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, 5 अप्रैल को दर्ज हुए प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के आधार पर लाखाखेड़ी निवासी धनराज मीणा उर्फ धनजी को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में सामने आया कि उसका गांव के ही दुर्गाशंकर नागर के साथ पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने हत्या की साजिश रची.
हत्या करने से मना करने पर धमकाया
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने एक व्यक्ति को सुपारी देकर वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया, लेकिन उसने हत्या करने से इंकार कर दिया. इसके बाद आरोपी ने उसे धमकाकर तय राशि से डेढ़ गुना रकम वसूलने के लिए दबाव बनाया और जबरन खाली चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए. पीड़ित ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ.
विवाद ही साजिश की मुख्य वजह बना
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी और उसके परिवार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वहीं जिस व्यक्ति को निशाना बनाया गया, उसके परिवार का भी स्थानीय राजनीति से जुड़ाव है. दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद ही इस साजिश की मुख्य वजह बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
इसी बीच, जिले के झालरापाटन क्षेत्र में भी पुरानी रंजिश के चलते हिंसक वारदात सामने आई. गोमती सागर तालाब के पास स्थित चौपाटी पर मंगलवार दोपहर एक युवक पर आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया. घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पहले भी हो चुका था आपसी झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, नगारची मोहल्ला निवासी नासिर अली जब अपनी दुकान जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोककर डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया. हमले में उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर सहित कई गंभीर चोटें आई हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और कुछ समय पहले भी इनके बीच झगड़ा हो चुका था.
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें – ईरान पर अमेरिका के हवाई हमले, खर्ग और काशान में टारगेट किए गए करीब 50 ठिकाने
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









