‘बाढ़ BJP द्वारा रची गई गहरी साजिश’, AAP सांसद संजय सिंह का भाजपा पर हमला

Share

राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर कम होने लगा है। लेकिन अभी दिल्ली की सड़कें पानी से लबालब हैं। इसको लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच तनातनी देखने को मिल रही है। आपको बता दें कि आज यानी शुक्रवार (14 जुलाई) को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान दिल्ली के सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मीडिया के सामने एलजी से अफसरों की शिकायत की। वहीं अब आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

संजय सिंह ने शुक्रवार (14 जुलाई) को प्रेस वार्ता के दौरान दिल्ली की स्थिति को लेकर बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में 3 दिन से बारिश नहीं हुई है, फिर बाढ़ की वजह क्या है? इसकी वजह है बीजेपी द्वारा रची गई गहरी साजिश है। मोदी जी के मन में छिपी नफ़रत जो ऐसी घटनाओं में निकल कर बाहर आती है। मैं पूरी जिम्मेदारी से कहता हूं कि ये बाढ़ प्रायोजित है।

संजय सिंह ने दिल्ली में बाढ़ के हालात बनने के पीछे हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी को बताया। उन्होंने कहा कि हथिनीकुंड बैराज से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पानी जाता है। लेकिन 9 तारीख़ से सारा पानी Delhi की तरफ छोड़ दिया गया। अगर यही पानी बराबर छोड़ा गया होता तो आज दिल्ली में बाढ़ की स्थिति नहीं होती। BJP ऐसा क्यों कर रही है? दिल्ली ने BJP के 7 सांसद जिताये, बेहतर होता कि सभी मोदी जी से अपील करते कि सारा पानी दिल्ली की तरफ ना छोड़ा जाए।

आप सांसद ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 राज्य को बाढ़ग्रस्त छोड़कर मोदी जी फ्रांस की सैर पर निकल गए। लेकिन अपने नेताओं को तो समझाकर जाते। जब संवेदनशीलता की ज़रूरत है, तब राजनीति कर रहे हैं।