Uttar Pradesh

‘मेरी बीमारी की झूठी खबर…’ मायावती का आकाश आनंद पर फिर बड़ा हमला, उठाए सवाल

UP Politics : बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने भतीजे आकाश आनंद पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तबीयत खराब होने की झूठी खबरें फैलाकर लोगों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है. मायावती ने दावा किया कि आकाश आनंद अब भी अपने ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ के इशारे पर काम कर रहे हैं.

मायावती के मुताबिक, उनके आवास पर तैनात पर्सनल सचिव आलोक कुमार को आकाश आनंद ने फोन किया था. बातचीत के दौरान आकाश ने मायावती की तबीयत के बारे में पूछा. इस पर आलोक कुमार ने बताया कि बहनजी पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपना काम कर रही हैं.

मायावती ने दावा किया कि फोन पर आकाश आनंद ने आलोक कुमार से यह भी कहा कि उन्होंने फोन किया है, इसकी जानकारी बहनजी को न दी जाए. बसपा प्रमुख ने कहा कि इस फोन कॉल के पीछे आकाश की मंशा सही भी हो सकती है और गलत भी, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं दी गई.

पार्टी से पूरी तरह बाहर किए गए आकाश

आकाश आनंद को लेकर मायावती पहले भी बड़ा फैसला ले चुकी हैं. 3 सितंबर को उन्होंने आकाश आनंद को राष्ट्रीय समन्वयक के पद से हटा दिया था और उन्हें सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी में रहने की अनुमति दी थी.

इसके बाद 9 सितंबर को मायावती ने कहा था कि अगर अशोक सिद्धार्थ राजनीति से पूरी तरह संन्यास लेते हैं तो आकाश आनंद की जिम्मेदारियां बहाल करने पर विचार किया जा सकता है. 10 सितंबर को अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास का ऐलान कर दिया. हालांकि, इसके कुछ घंटे बाद ही मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से ‘पूरी तरह मुक्त’ करने की घोषणा कर दी.

BRICS को लेकर मोदी सरकार की तारीफ

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मायावती ने BRICS सम्मेलन, भारत-चीन संबंध और फिलिस्तीन के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी, उन्होंने BRICS के साझा घोषणापत्र को अच्छी कूटनीति और सूझबूझ का नतीजा बताया. मायावती ने घोषणापत्र में फिलिस्तीन समाधान और पहलगाम आतंकी हमले के जिक्र को भी महत्वपूर्ण बताया और इस मुद्दे पर मोदी सरकार की तारीफ की.

ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button