
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को जेल में बंद माफिया और मऊ सदर से विधायक रहे मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) पर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मुख्तार अंसारी की गाजीपुर और मऊ जनपद में दो संपत्तियों जब्त किया है। इसके अलावा माफिया के बैंक खाते को सीज किया है।
73 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
बताया जा रहा है कि गाजीपुर (Ghazipur) सदर तहसील क्षेत्र के रजदेपुर देहाती (रौज़ा) क्षेत्र में भूमि संख्या 604 के 1538 वर्ग फीट की जमीन पर बने एक कमर्शियल भवन को जब्त किया है। इसके अलावा मऊ जिले के सदर तहसील के जहांगीराबाद में भूमि संख्या 169 के 6020 वर्ग फीट की जमीन पर जब्तीकरण की कार्रवाई की है। साथ ही मुख्तार अंसारी के बैंक खाते को भी सीज किया गया है। सीज की गई संपत्तियों की कीमत करीब 73 लाख 43 हजार 900 रुपए बताई जा रही है।
PMLA के आदेश पर हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक, यह संपत्ति मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी के नाम 6.23 करोड़ रुपए की सरकारी दर के मुकाबले 71.94 लाख रुपए कम मूल्य पर खरीदी गई थी। इसके अलावा माफिया मुख्तार अंसारी के खाते में जमा डेढ़ लाख रुपए भी ईडी ने सीज किया है। सूचना के अनुसार यह कार्रवाई धनशोधन निवारण कानून (PMLA) के तहत अंतिम आदेश जारी होने के बाद हुई है।
ये भी पढ़ें: UP में 12 DG/ADG और 8 SP रैंक के IPS अधिकारियों का ट्रांसफर