
नई दिल्ली: दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह से ही तेज़ हवा के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे देश की राजधानी और दिल्ली से सटे इलाकों में मध्यम से तेज़ बारिश की संभावना है।
हालांकि आसमान में बादल सारा दिन छाए रहेंगे। रविवार की बारिश के बाद सर्दियां भी दस्तक दे रही हैं। लगातार हो रही भारी बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही रातें सर्द होने लगेंगी।
दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्र में सुबह से ही गरज के साथ तेज़ बारिश हो रही है और जिससे की मौसम सुहावना बना हुआ है। लेकिन दोपहर बाद पूरा आसमान काले बादलों से ढक गया। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। करावल नगर, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार, लाल किला और प्रीत विहार सहित दिल्ली और उसके आसपास अलग-अलग जगहों पर बारिश हो रही है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में हवा में आद्र्रता का स्तर 38 से 91 फीसदी दर्ज किया गया। दिन भर धूप खिली रही और हल्की गर्मी महसूस हुई। शाम को सूरज ढलने के बाद वातावरण में हल्की ठंडक महसूस हुई।
अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। बारिश के अगले दिन अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे हल्की सर्दी का अहसास होगा।









