
Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऐलान किया है कि स्कूलों, धार्मिक स्थलों और बाजारों में सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन स्थानों पर यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सार्वजनिक स्थानों की सफाई को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित राजधानी के रूप में स्थापित करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में उन्होंने दिल्ली की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की दिन में दो बार सफाई कराए जाने की योजना भी घोषित की है। इस पहल का उद्देश्य दिल्लीवासियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करना और नागरिकों में सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य जांच की सुविधा
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर श्रमिकों को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रमिकों के हित में एक और बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में श्रमिकों और उनके परिवारजनों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, श्रमिकों को राहत देने के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का विश्राम समय सुनिश्चित करने के संबंध में अधिसूचना जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार राजधानी में काम करने आए श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य, जीवन स्तर और शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्या होता है सिंगल-यूज प्लास्टिक?
सिंगल-यूज प्लास्टिक वैसा प्लास्टिक होता है जिसे एक बार इस्तेमाल करने के बाद फेंक दिया जाता है, जो दोबारा इस्तेमाल के लिए नहीं होता है। इन प्लास्टिक वस्तुओं को आमतौर पर सुविधाजनक और तात्कालिक इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया जाता है। यह प्लास्टिक पर्यावरण के लिए हानिकारक होता है, क्योंकि यह लंबे समय तक विघटित नहीं होता। ऐसे प्लास्टिक समुद्रों, नदियों और भूमि में जमा होकर पॉल्यूशन को बढ़ाता है, इसलिए सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करना चाहिए। सरकार और विभिन्न संस्थानों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए वैकल्पिक समाधान जैसे- बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक और री-यूजेबल सामग्रियों का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तानी विमानों पर भारत की बड़ी कार्रवाई, एयरस्पेस बंद करने का लिया फैसला, कंगाल पाकिस्तान की बढ़ेंगी मुश्किलें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप