दीपोत्सव 2024 को भव्य बनाने में जुटा अयोध्या प्रशासन, रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर बनेंगी झांकियां

Deepotsav 2024
Deepotsav 2024 : अयोध्या में योगी सरकार की ओर से लगातार सात वर्षों से भव्य दीपोत्सव का आयोजन कर गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज कराया जाता रहा है। पिछले वर्षों में आयोजित हुए दीपोत्सव के सभी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए आठवें दीपोत्सव को अधिक भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। अयोध्या जिला प्रशासन दीपोत्सव को यादगार बनाने में जुटा है। दीपोत्सव ने न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया में यूनीक इवेंट के तौर पर अपनी पहचान को सशक्त किया है। दीपोत्सव को देखने के लिए देश विदेश से दर्शक अयोध्या आते हैं।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि दीपोत्सव के लिए हर कार्यक्रम को अनूठा बनाने की व्यापक तैयारी की जा रही है। दीपोत्सव में विभिन्न प्रकार की लाइटिंग से अयोध्या को सजाया जा रहा है। इनमें प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र से जुड़े 18 प्रसंगों पर आधारित झांकियां रहेंगी। इनमें 11 झांकियां सूचना विभाग की ओर से और सात झांकियां पर्यटन विभाग की ओर से तैयार की जा रही हैं।
रामायण के विभिन्न कांडों पर आधारित होंगी झांकियां
आठवें दीपोत्सव पर आयोजित होने कार्यक्रम में श्रीराम की शिक्षा, सीता- राम विवाह, राम- वन गमन, भरत मिलाप, शबरी प्रसंग, अशोक वाटिका, हनुमान का लंका गमन, शक्तिबाण लगने से लक्ष्मण का मूर्छित होना, रावण वध, राम का पुनः अयोध्या आगमन और दीपोत्सव पर आधारित झांकियां निकाली जाएंगी। ट्रकों पर यह झांकियां सजाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बता दें साकेत महाविद्यालय में रामायण कालीन प्रसंग मंचन करने के लिए 18 झांकियां सजाई जा रही हैं। 11 झांकियां सूचना विभाग और सात झांकियां पर्यटन विभाग की ओर से तैयार की जाएंगी। पर्यटन विभाग की ओर से तुलसीकृत राम चरित मानस के सात अध्याय बाल काण्ड, अयोध्या काण्ड, अरण्य काण्ड, सुन्दर काण्ड, किष्किंधा काण्ड, लंका काण्ड व उत्तर काण्ड पर आधारित सात झांकियां निकाली जाएंगी।
यह भी पढ़े : उपचुनाव को लेकर सीएम योगी ने की अहम बैठक, हर सीट पर जीत सुनिश्चित करने के लिए दिया मंत्र
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप