Uttar Pradeshराज्य

UP दारोगा भर्ती में विवाद: ‘अवसर के अनुसार बदलने वाला’ में पंडित विकल्प पर हंगामा

UP News : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर “पंडित” शब्द को लेकर सियासत तेज होती नजर आ रही है. इसकी वजह हाल ही में हुई दारोगा भर्ती परीक्षा का एक सवाल बना है. दरअसल, शनिवार को आयोजित हुई यूपी दारोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न पर विवाद खड़ा हो गया है.

इस सवाल को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और बीजेपी के कुछ नेता भी इस पर आपत्ति जता रहे हैं. बीजेपी के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्र ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है. उन्होंने अपने पत्र में कहा कि एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न में “पंडित” शब्द का इस्तेमाल गलत संदर्भ में किया गया है, जो आपत्तिजनक है. अभिजात मिश्र ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.

SI सवाल पर अभिजात मिश्र की आपत्ति

यूपी बीजेपी के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि आयोजित हुई SI भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न और उसके विकल्पों को देखकर वे आहत हैं. प्रश्न था- “अवसर के अनुसार बदल जाने वाले के लिए एक शब्द में उत्तर दें.” इसके विकल्प थे: 1. पंडित, 2. अवसरवादी, 3. निष्कपट, 4. सदाचारी. उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रश्न तैयार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. बीजेपी नेता ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी टैग किया है.

इस परीक्षा में एक प्रश्न पूछा गया था

बता दें कि उत्तर प्रदेश में 14 मार्च को दारोगा भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में एक प्रश्न पूछा गया था. “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” किसे कहा जाता है? इस प्रश्न के चार विकल्प दिए गए थे, जिनमें एक विकल्प पंडित भी शामिल था.

जवाबों के विकल्प.
A- निष्कपट
B- सदाचारी
C- पंडित
D- अवसरवादी

‘अवसर के अनुसार बदलने वाला’ इस वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनने वाले प्रश्न में पंडित को विकल्प के तौर पर दिए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है. आपत्ति जताई जा रही है कि बाकी विकल्प किसी गुण या स्वभाव को दर्शाते हैं, जबकि पंडित शब्द आमतौर पर एक विशेष जाति या वर्ग के लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

SI परीक्षा का सवाल चर्चा में

14 और 15 मार्च को यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के 4543 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है. प्रदेश के सभी 75 जिलों में बनाए गए 1090 परीक्षा केंद्रों पर करीब 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थी इसमें शामिल हो रहे हैं. हालांकि परीक्षा से ज्यादा इस समय उस सवाल की चर्चा हो रही है, जिसमें पंडित शब्द को विकल्प के रूप में दिया गया था.

ये भी पढ़ें- Sonam Wangchuk : सोनम वांगचुक जल्द होंगे रिहा, लद्दाख में शांति बनाए रखने का सरकार का प्रयास

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button