कुशीनगर में गरजे सीएम योगी, कहा- अगर कोई दंगा करता है तो उसका घर ढाह दिया जाएगा

कुशीनगर: युपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कुशीनगर के रामकोला विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कुशीनगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज व अन्य विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।
आपने दैवीय अपदायें झेली हैं: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, कुशीनगर खेती किसानी,धर्म और श्रद्धा के भाव से जाना जाता है। उन्होंने कुशीनगर की जनता से कहा ‘आपने दैवीय अपदायें झेली हैं। इस धरती और संघर्ष करने का सिलसिला लंबा रहा है। मैनें यहां तमाम आंदोलन किया है। आज 4 सौ करोड़ से अधिक के योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जा रहा है, लेकिन अभी ये लोकार्पण सिर्फ ट्रेलर है अभी यहां और भी बहुत कुछ होगा। भगवान बुद्ध को समर्पित मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने भी आऊंगा और अभी तो एयरपोर्ट से उड़ान भी शुरू होगी जिसका भव्य उद्घाटन होगा
सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हमारा लक्ष्य है
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, कुशीनगर में सितंबर माह में मासूमों की मौत होती थी, आज मोदी जी ने घर घर शौचालय दिया जिससे स्वच्छ वातावरण हुआ और दिमागी बुखार जड़ से खत्म हो गया है। मोदी जी ने राजनीतिक एजेंडे को बदल दिया है। देश की राजनीति जाति धर्म में सिमटी थी उसे मोदी जी ने गांव के गरीब और नौजवान तक पहुंचाया है। विकास सबका होगा लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा, सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हमारा लक्ष्य है।
5 लाख 51 हजार परिवारों को आवास दिया है
मुख्यमंत्री योगी ने घोटालेबाजों को चेताते हुए कहा, अगर आज कोई गरीबों राशन निगलेगा तो जेल जरूर जायेगा। पहले गरीबों की नौकरी पर डाका डाल दिया जाता था। हमने 4 साल में साढ़े चार लाख लोगों को नौकरियां दी है। 5 लाख 51 हजार परिवारों को आवास दिया है। पूर्व की सरकारें अनाज खा जाती थी जबकि हमारे सरकार में बीते चार वर्ष के भीतर प्रदेश में भूख से कोई मौत नहीं हुई है। हर जिले में 24 घंटे बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। विकास पर सबका बराबर अधिकार है।
प्रदेश से अपराधी गायब हो चुके हैं: योगी
किसानों के लिए मुख्यमंत्री ने कहा, अब किसान नई तकनीकी जोड़कर समृद्धि प्राप्त करता है। आज हर किसान के खाते में 6 हजार रुपए आते हैं। आज किसान आम जरूरत के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलता है। गन्ना किसानों को एक-एक पाई चुकता कराऊंगा। 1 लाख 43 करोड़ रुपए का गन्ना मूल्य का भुगतान हमारी सरकार ने किया। आय नहीं थी लेकिन जनता को सब दिया,जो जमा पूजी थी उसे जनता को समर्पित कर दिया गया। आज प्रदेश से अपराधी गायब हो चुके हैं। दंगाई गायब कोई दंगा नहीं कर सकता क्योंकि उसे मालूम है की उसका घर ढाह दिया जाएगा, दंगाई जानता है की अगर दंगा किया तो सात पीढ़ी तक भरना पड़ेगा।
विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जनता को संबोधित किया। स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, इस देश को पहले अंग्रेजो ने लूटा फिर कांग्रेस ने लूटा। नेहरू ने राम को नहीं माना कृष्ण को नहीं माना। इंदिरा गांधी ने राम भक्तों पर गोली चलवाई और सोनिया ने राम सेतु को नहीं माना। मोदी पहले पीएम हैं जिन्होंने राम मंदिर की आधारशिला रखी। किसान यूनियन के मंच पर क्या नारा लग रहा है आपने देखा? आज योगी है तो विरोधी मंदिर-मंदिर दौड़ रहे हैं टीका लगा रहे हैं।
शिवाकान्त पाण्डेय की रिपोर्ट