Punjab

सीएम मान शहीदी सभा को लेकर सख्त, फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं की सुविधा के पुख्ता इंतजाम के आदेश

Fatehgarh Sahib : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज अधिकारियों को श्री फतेहगढ़ साहिब में 25 से 27 दिसंबर को शहीदी सभा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध करने के आदेश दिए हैं।

आज यहां शहीदी सभा के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लेने के लिए मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्य मंत्री ने कहा कि इस पवित्र धरती पर नतमस्तक होने के लिए लगभग 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस महान धरती पर साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह जी ने माता गुजरी जी के साथ शहादत दी थी।

मरम्मत के फंड आवंटित किया

उन्होंने कहा कि संगत के लिए किए जा रहे प्रबंधों में सुरक्षा व्यवस्था और पवित्र शहर की सफाई पर अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सड़कों की मरम्मत के लिए पहले ही फंड आवंटित कर दिए हैं और निर्धारित समय में काम पूरा किया जाना चाहिए।

एम्बुलेंस तथा अग्निशमन वाहन तैनात

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगत की बड़ी आमद को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले को सेक्टरों में विभाजित कर देना चाहिए और हर सेक्टर की निगरानी पुलिस तथा सिविल प्रशासन के अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में 300 मोबाइल शौचालय स्थापित किए जाएं और प्रमुख स्थानों पर 60 एम्बुलेंस तथा अग्निशमन वाहन तैनात किए जाएं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 200 ई-रिक्शा और 200 शटल बसें तैनात होंगी। जो मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी।

कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवित्र नगरी में सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ संगत की सहायता के लिए पार्टी तथा सिविल सोसाइटी के वॉलंटियर्स को सेवा पर लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के सभी कोनों में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए ताकि कस्बे में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा सके। आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि संगत की बड़ी आमद को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 20 आम आदमी क्लीनिक और 5 डिस्पेंसरी स्थापित की जा रही हैं जहां विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों और डिस्पेंसरियों के लिए दवाइयां तथा अन्य सामान की व्यवस्था कर ली गई है।

एक टोल फ्री नंबर जारी करने के आदेश

मुख्यमंत्री ने जिला सिविल तथा पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि वे शहर के आसपास आवश्यक संख्या में पार्किंग स्थल सुनिश्चित करें ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को शहीदी सभा के दौरान शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए आवश्यक संख्या में सफाई मशीनें, सीवरेज सफाई मशीनें, सुपर सक्शन मशीनें तथा आवश्यक संख्या में कर्मचारियों को तैनात करने के लिए कहा।

भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को सभी विभागों का साझा कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए जिसमें एक टोल फ्री नंबर हो ताकि जरूरत पड़ने पर लोग उनसे संपर्क कर सकें। संगत की सुविधा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 0176-3232838 भी जारी किया गया है।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदी सभा के अवसर पर संगत के लिए इंतजाम करना सरकार का सबसे बड़ा फर्ज है और इस नेक कार्य में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से संगत की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार की मांग की जाती है तो सरकार शिरोमणि कमेटी को पूरा सहयोग देगी।

तीनों शहरों को पवित्र शहर का दर्जा

अमृतसर शहर के आंतरिक हिस्से (वॉल्ड सिटी), तलवंडी साबो और श्री आनंदपुर साहिब को पवित्र शहरों का दर्जा देने के लिए जारी हुए नोटिफिकेशन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे दुनिया भर में बसने वाले सिखों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाब के तीनों तख्त साहिबान वाले इन शहरों को पवित्र शहर का दर्जा देने की घोषणा की गई थी।

दिल्ली में प्रदूषण का कहर

दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर समस्या के लिए भाजपा सरकार की नाकामी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार हुआ है कि प्रदूषण का दोष हर साल पंजाब पर मढ़ दिया जाता था लेकिन इस समय पंजाब का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 70 से 110 है जबकि दिल्ली का एक्यूआई 500 है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में बड़े स्तर पर कमी आई है और इस तथ्य को केंद्र सरकार ने संसद में भी स्वीकार किया है।

नाम बदलने से शहर की व्यवस्था नहीं बदलती

मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘विकसित भारत-जी राम जी’ रखने के ऐलान पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का बस चले तो भारत का नाम बदलकर ‘दीन दयाल उपाध्याय नगर’ रख दें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने कई रेलवे स्टेशनों और शहरों के नाम बदल दिए हैं। उन्होंने कहा कि नाम बदलने से उस शहर की व्यवस्था नहीं बदल जाती बल्कि व्यवस्था बदलने के लिए सरकार को लोगों की भलाई के लिए फैसले लेने होते हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और विशेष डी.जी.पी. कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला उपस्थित थे।

संगतों को ना हो किसी प्रकार की असुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पवित्र धरती न केवल सिखों के लिए बल्कि समूची मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत है क्योंकि दुनिया भर से संगतें हर साल छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए यहां नतमस्तक होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी कि शहीदी सभा के दौरान संगतों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

साहिबजादा फतेह सिंह जी के साथ माता गुजरी जी की शहादत

भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे इस काम की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे ताकि इसे समयबद्ध ढंग से पूरा करना सुनिश्चित किया जा सके क्योंकि इस पवित्र धरती पर साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी के साथ माता गुजरी जी की शहादत ने सदियों से पंजाबियों को अन्याय, जुल्म और जबर के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित किया है।

शहीदी सभा के दौरान लाखों की संख्या में संगत

मुख्य मंत्री ने कहा कि छोटे साहिबजादों ने छोटी उम्र में महान कुर्बानी दी जिसकी मिसाल दुनिया के किसी भी इतिहास में नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि हर साल शहीदी सभा के दौरान लाखों की संख्या में संगत इस स्थान पर आती है, इसलिए प्रदेश सरकार द्वारा इस शहर को नया रूप दिया जा रहा है।

उचित व्यवस्था बनाए जाने के निर्देश

भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार इस पवित्र स्थान पर आने वाली संगत की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उचित व्यवस्था बनाई जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यहां आने वाली संगत को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़ें- पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता, मुंबई में BKI-आधारित आतंकवादियों की गिरफ्तारी, ISI से जुड़े तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button