दिल्ली में बाढ़ के हालात पर बोले सीएम केजरीवाल, ‘स्थिति जल्द सामान्य होगी…’

Share

राजधानी दिल्ली में रिकॉर्ड बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। हरियाणा में हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने से यमुना नदी का जल स्‍तर बढ़ गया है। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी से होकर बहने वाली यमुना नदी 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद आज सुबह 207.68 मीटर तक नीचे आ गई, जबकि दिल्ली के कई इलाके अभी भी पानी में पूरी तरह से डूब गए हैं. अब अगर यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे घटता जाए तो स्थिति जल्द ही सामान्य हो सकती है।

दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसको लेकर एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने कहा,”यमुना में पानी का स्तर धीरे धीरे कम हो रहा है। अगर फिर से तेज बारिश नहीं हुई तो जल्द स्थिति नार्मल हो जाएगी। चन्द्रावल और वज़ीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से पानी निकालना चालू कर दिया। इसके बाद मशीनें सुखायेंगे। दोनों प्लांट्स कल तक ही चालू हो पायेंगे। कृपया सावधानी बरतें और एक दूसरे की मदद करें।”

वहीं, मौसम विभाग ने आज राजधानी में और बारिश की भविष्यवाणी की है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में अधिक बारिश होने की स्थिति में बारिश का पानी ओवरफ्लो हो सकता है और बाहर निकलने में सामान्य से अधिक समय लग सकता है। जलभराव से स्थिति और खराब हो सकती है. कल भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी।

ये भी पढ़ें: अध्यादेश के खिलाफ समर्थन को लेकर आज Akhilesh Yadav से मिलेंगे CM Kejriwal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *