Punjab

CM भगवंत मान ने 509 ग्रामीण खेल मैदानों का किया उद्घाटन, अब 734 मैदान युवाओं को समर्पित

Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला जिले के गांव देधना से विभिन्न जिलों में स्थापित किए गए 509 से अधिक आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया. इसके साथ ही अब तक युवाओं को समर्पित किए गए ग्रामीण खेल मैदानों की कुल संख्या 734 हो गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल गांवों के युवाओं को विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी और ‘नशों से दूर रहने तथा खेलों से जुड़ने’ के संदेश को प्रोत्साहित करते हुए नशों के खिलाफ सरकार की लड़ाई को और मजबूत करेगी.

3,100 खेल मैदान विकसित

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार इस वर्ष पंजाब भर में 1,744 करोड़ रुपये के खेल बजट से 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित कर रही है. इनमें विशेष रूप से इन मैदानों के लिए 1,500 करोड़ रुपये रखे गए हैं.

पंजाब भर में 3,100 आधुनिक ग्रामीण खेल मैदान विकसित करने की राज्य सरकार की योजना के दूसरे चरण के तहत युवाओं को खेल मैदान समर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और जमीनी स्तर पर विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंजाब स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने कहा कि पहले चरण में 255 ग्रामीण खेल मैदान समर्पित किए गए थे और अब 509 और ग्रामीण खेल मैदान लोगों को समर्पित किए गए हैं.

लुधियाना में 43, मानसा में 41 मैदान

मुख्यमंत्री ने बताया कि दूसरे चरण में समर्पित किए जा रहे 509 ग्रामीण खेल मैदानों में से 43 लुधियाना, 41 मानसा, 36 संगरूर, 34-34 बठिंडा और पटियाला, 33 श्री मुक्तसर साहिब और 32 अमृतसर में हैं. बाकी ग्रामीण खेल मैदान अन्य जिलों के गांवों को समर्पित किए गए हैं.

उन्होंने कहा कि ये ग्रामीण खेल मैदान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देंगे और युवाओं को ‘नशों से दूर रहने तथा खेलों से जुड़ने’ का संदेश देंगे. प्रतिभाशाली और उभरते खिलाड़ियों के लिए ये मैदान उम्मीद और अवसर की किरण बनेंगे.

वॉलीबॉल और क्रिकेट की सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण खेल मैदानों में वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य लोकप्रिय पारंपरिक खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं. बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी,उन्होंने कहा कि खेल मैदान गांवों में आपसी सद्भाव और एकता के प्रतीक बनेंगे.

वॉकिंग ट्रैक की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन ग्रामीण खेल मैदानों को आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस किया जा रहा है. इनमें रात के समय खेल गतिविधियों के लिए हाई-मास्ट लाइटें, वॉकिंग ट्रैक के साथ फुटलाइटें, मजबूत जालियों की बाड़ और अन्य सुविधाएं शामिल हैं. खेल मैदानों के आसपास पौधे भी लगाए जा रहे हैं, उन्होंने बताया कि इन मैदानों में फुटबॉल के गोलपोस्ट, वॉलीबॉल के पोल, बच्चों के लिए झूले और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव में लोकप्रिय खेल के अनुसार खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है. यदि किसी गांव में क्रिकेट लोकप्रिय है, तो वहां क्रिकेट किट के साथ अन्य लोकप्रिय खेलों की आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी.

6,000 ग्रामीण जिम स्थापित

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने वर्ष 2026 को खेलों और खिलाड़ियों के लिए समर्पित किया है. इस वर्ष पंजाब में 3,100 ग्रामीण खेल मैदान तैयार किए जाएंगे.इसके साथ ही 6,000 ग्रामीण जिम भी स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 500 का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है, उन्होंने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं तैयारी के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की बात भी कही.

5 सितंबर से ‘खेडां वतन पंजाब दियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का चौथा सीजन 5 सितंबर से बठिंडा से शुरू होगा. इसमें अनुमानित 10 लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, उन्होंने कहा कि पहली बार पंजाब हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी कर रहा है. इसके मैच अक्टूबर-नवंबर के दौरान जालंधर और मोहाली में करवाए जाएंगे. पंजाब के लोगों को अपनी धरती पर अपने हॉकी सितारों को खेलते देखने का अवसर मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में आईपीएल की तर्ज पर एक टी-20 क्रिकेट लीग भी करवाई जा रही है, जो 30 अगस्त से 13 सितंबर तक पी.सी.ए. स्टेडियम, मोहाली में खेली जाएगी.

खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि खेल पंजाब की गौरवशाली विरासत और समृद्ध संस्कृति का अभिन्न अंग हैं, उन्होंने कहा कि 2023 में नई खेल नीति लाई गई थी, जिसके तहत खेल बजट में वृद्धि की गई है और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं तैयारी के लिए नकद पुरस्कार तथा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का समर्पित बजट आवंटित किया गया है. वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई है.

ओलंपिक तैयारी के लिए 15 लाख

मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों को तैयारी के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है. इसमें ओलंपिक की तैयारी के लिए 15 लाख रुपये तथा एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये शामिल हैं, उन्होंने कहा कि 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जबकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने वाले 11 खिलाड़ियों को पी.सी.एस./डी.एस.पी. अधिकारी नियुक्त किया गया है.

खेल इकोसिस्टम मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के खेल प्रयासों का उद्देश्य पंजाब भर में एक मजबूत खेल इकोसिस्टम तैयार करना, जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है.

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद और डॉ. बलबीर सिंह भी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें – 7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग, ब्रिक्स समिट में होगी बड़ी मुलाकात, क्या सुधरेंगे ड्रैगन और दिल्ली के रिश्ते?

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button