
Uttar Pradesh: बरेली (Bareilly) में अस्पताल की लापरवाही के चलते सोमवार यानी (09 अक्टूबर) को जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, सुभाष नगर क्षेत्र के नेकपुर स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। जिसके बाद उनके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए काफी देर हंगामा किया। सूचना पर थाना सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जैसे-तैसे कर मामले पर काबू किया।
यह है पूरा मामला
कैंट के चनहेटी निवासी महिला के पति ने बताया कि उन्होंने पत्नी को तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को प्रसव के दौरान बच्चे की मौत और मंगलवार सुबह उनकी पत्नी की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की लापरवाही से उनकी पत्नी की मौत हो गई। वहीं इसी अस्पताल में दूसरी महिला मिथलेश की भी मौत हो गई। अस्पताल में मौजूद सिरौली के शिवपुरी निवासी महिला के पति ने बताया कि उनकी पत्नी को भी मरा हुआ बच्चा पैदा हुआ था। जिसके बाद में मिथलेश की मौत हो गई। उसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया।
अस्पताल पर लगे आरोप बेबुनियाद
घटना की सूचना पर सुभाष नगर पुलिस मौके पर गई। लोगों को शांत कराया गया। एक महिला के परिजन शव लेकर चले गए। अस्पताल की संचालक डॉ. मृदा जौहरी ने बताया कि दोनों महिलाओं के पेट में मरे हुए बच्चे थे। इससे उनके शरीर में जहर फैल गया। हीमोग्लोबिन की भी कमी थी। अस्पताल पर लगा आरोप सही नहीं है। वहीं अस्पताल में जमा परिजनों का कहना है अस्पताल की लापरवाही से सुबह से चार-पांच मौतें हो चुकी हैं इन सबके लिए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
(बरेली से नुपेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: योगी सरकार की नई पहल, UP पुलिस के जवान होंगे CUG सिम से लैस