राष्ट्रीयविदेश

भारत से 1.8 लाख टन डीजल खरीदेगा बांग्लादेश, यूनुस सरकार का बड़ा ऐलान

Bangladesh Diesel Deal : बांग्लादेश भारत से 1.8 लाख टन डीजल आयात करेगा। जनवरी से दिसंबर 2026 के बीच यह आयात होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फैसला मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने किया है। बांग्लादेश ने ऑयल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) के साथ 14.62 करोड़ टका का समझौता किया है।

बांग्लादेश की सरकारी कंपनी, बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPC), इस डीजल आयात का एक हिस्सा वहन करेगी, जबकि बाकी का पैसा बैंक से कर्ज के रूप में लिया जाएगा। इससे पहले, बांग्लादेश ने भारत से चावल खरीदने का भी ऐलान किया था।

बांग्लादेश की सरकारी खरीद पर विचार

बांग्लादेश के सचिवालय में मंगलवार को एक बैठक हुई, जिसमें वित्त सलाहकार सालेहुद्दीन अहमद की अध्यक्षता में बांग्लादेश की सरकारी खरीद पर विचार किया गया। इस बैठक में भारत की नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) से डीजल खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे पहले, 22 अक्टूबर को, आर्थिक मामलों पर सलाहकार समिति ने 2026 में बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के लिए रिफाइंड ईंधन तेल के आयात के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।

वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव

बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, डीजल की कीमत नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड के साथ बातचीत के आधार पर तय की गई है। बैठक के बाद, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने बताया कि 180,000 टन डीजल की लागत 119.133 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 14.62 करोड़ टका) तय की गई है। इस सौदे में प्रति बैरल डीजल का बेस प्राइस 83.22 अमेरिकी डॉलर तय किया गया है। यह कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार दरों के आधार पर तय की जाती है और वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के साथ बदलती रहती है।

बांग्लादेश-इंडिया फ्रेंडशिप पाइपलाइन

नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड असम में स्थित है। बांग्लादेश भेजे जाने वाले डीजल को असम स्थित इस रिफाइनरी से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रिफाइनरी के मार्केटिंग टर्मिनल तक ले जाया जाएगा। वहां से डीजल को बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के परबतीपुर डिपो भेजा जाएगा। डीजल की ट्रांसपोर्ट लागत को कम करने और इसे आसान बनाने के लिए, दोनों देशों के बीच बांग्लादेश-इंडिया फ्रेंडशिप पाइपलाइन बनाई गई है, जिसके जरिए डीजल बांग्लादेश भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SIR से पहले 20 बांग्लादेशियों को पकड़ा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button